जोधपुर

ट्रेनों में चोरियों रोकी जाएं, गश्त बढ़ाएं : डीआइजी गुप्ता

– राजकीय रेलवे पुलिस का वार्षिक निरीक्षण

जोधपुरNov 24, 2021 / 12:05 am

Vikas Choudhary

ट्रेनों में चोरियों रोकी जाएं, गश्त बढ़ाएं : डीआइजी गुप्ता

जोधपुर.
पुलिस उप महानिरीक्षक (आयोजना, आधुनिकिकरण व कल्याण) अशोक कुमार गुप्ता ने मंगलवार को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरियां व अन्य वारदातें रोकने के लिए गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) राशि डोगरा डूडी की मौजूदगी में डीआइजी गुप्ता को एसपी कार्यालय में सलामी देकर सम्मान किया गया। उन्होंने एसपी कार्यालय, वृत्त कार्यालय व रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने का निरीक्षण किया। एसपी ऑफिस में विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्य में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जीआरपी थाने में मालखाने की विभिन्न मदों का निस्तारण व सम्पत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
डीआइजी ने जीआरपी लाइन का भी निरीक्षण किया, जहां परिवहन शाखा, शस्त्रागार, मैस और विविध स्टोर व कम्प्यूटर लैब का जायजा लिया। पुलिस लाइन में जीआरपी के वृत्ताधिकारियों व थानाधिकारियों की अपराध गोष्ठी ली। शादियों के सीजन में रेलगाडिय़ों में चोरियां रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। स्थाई वारंटियों के लिए धरपकड़, चालान व बरामदगी प्रतिशत बढ़ाने और अपराध की रोकथाम व कानून-व्यवस्था के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिस जवानों के वेलफेयर और आधुनिकीकरण के लिए आवश्यक उपकरण व संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

Home / Jodhpur / ट्रेनों में चोरियों रोकी जाएं, गश्त बढ़ाएं : डीआइजी गुप्ता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.