script

परेशानियों से आहत जनता भी बना चुकी चुनावी मूड

locationजोधपुरPublished: Oct 09, 2019 10:56:23 pm

Submitted by:

Avinash Kewaliya

– वार्ड ऑन स्पॉट
– वार्ड संख्या 17 व 18 के हालात
 

परेशानियों से आहत जनता भी बना चुकी चुनावी मूड

परेशानियों से आहत जनता भी बना चुकी चुनावी मूड

जोधपुर.

शहरी सरकार के कामकाज के आकलन में जैसे-जैसे हम वार्ड की समस्याओं को जान रहे हैं वैसे-वैसे लोगों की परेशानियां और नेताओं के प्रति उनका सख्त रुख भी सामने आ रहा है। वार्ड संख्या 17 व 18 में लोगों ने अपनी समस्याएं बताई और साथ में गुस्सा भी दिखा। सालों पुरानी वही समस्याएं अब भी परेशान करती हैं।
वार्ड 17 – खुले नाले से खतरा

सडक़ों पर पसरी गंदगी के साथ टूटी सडक़ों का दर्द भी यहां के लोगों को सालता है। क्षेत्र पार्षद के पास गिनाने को काम हैं तो लोगों को पास समस्याएं। कुछ बड़ी सडक़ें तो ठीक हैं। लेकिन कॉलोनी के मध्य हालात वाकई बदहाल हैं। खुले नाले से कई लोग परेशान हैं।
प्रमुख समस्याएं

– वार्ड 17 व 18 की सीमा पर बना खुला नाला खतरे को बुलावा दे रहा है।

– नाले आधे स्थानों पर खुले हैं और क्षतिग्रस्त भी है।

– गंदगी के अंबार की वजह से मच्छर पनप रहे हैं और बीमारी का खतरा है।
– पाइप लाइन डालने के बाद सडक़ों की मरम्मत नहीं हुई।

इनका कहना…

नाला कई वर्षों से खुला है। इससे गंदगी और मच्छर की समस्या होती है। कई लोग घरों का कचरा डालते हैं जिससे भी समस्या होती है।
– नरेन्द्र, वार्ड 17

क्षेत्र में सडक़ों की हालत सबसे खराब है। खुले नाले से गंदगी तो है ही साथ में इसमें गिरने का खतरा भी बना रहता है।

– राजेन्द्र, वार्ड 17
क्या कहते हैं पार्षद

सडक़ों का काम अच्छा हुआ है। एक भी बजट लैप्स नहीं होने दिया है। इस साल का बजट काम आ गया है। पानी की पाइप लाइन डाली इसलिए रोड कुछ जगह टूटी है। हमने एमएलए फंड से भी काम करवाए हैं।
– सीमा आसेरी, पार्षद वार्ड 17

——————

वार्ड 18 – बंद हाथी नहर का गंदा पानी बड़ी समस्या

इस वार्ड में सडक़ों और सीवरेज की समस्या के साथ बंद हुई हाथी नहर की गंदगी से भी परेशानी होती है। वार्ड पार्षद अपनी उपलब्धि में भी सीवरेज व सडक़ के कार्य ही गिनवाते हैं। वार्ड में कुछ काम स्वीकृत हुए। लेकिन पूरे नहीं हो पाए हैं।
प्रमुख समस्याएं

– आंगनबाड़ी केन्द्र आदिवासी गौड समाज की बदहाली।

– सेटेलाइट प्रतापनगर अस्पताल के जर्जर हालात।

– सरगरा कॉलोनी से प्रतापनगर व प्रतापनगर लिंक रोड क्षतिग्रस्त।

– हाथी नहर बंद होने से गंदा पानी सडक़ों पर बहता रहता है।
– गलियों में गंदगी का अंबार लगा होने से परेशानी।

इनका कहना…

हकीम कॉलोनी में हाथी नहर जो बंद हो चुकी है उसके कारण गंदा पानी सडक़ों पर बहता रहता है। कई बार समस्या बताई लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
– अब्दुल मुकतदीर खताई, वार्ड 18

समस्याओं की पूरी सूची हमने बना रखी है। कई काम तो मैंने खुद लोगों के साथ मिलकर करवाए हैं। लेकिन जनप्रतिनिधि सुनवाई नहीं करते।

– विष्णु सरगरा मोल, वार्ड 18
क्या कहते हैं पार्षद

सरगरा कॉलोनी पहाड़ी क्षेत्र, महेश हॉस्टल से गीता भवन, संजय सी कॉलोनी, ईदगाह के पास सडक़ निर्माण करवाया। 225 शौचालय बनवाए और आवास योजना में 250 जनों का सर्वे करवाया। काली टंकी से जगदम्बा कॉलोनी सीवरेज व सडक़ का काम रह गया। उप कार्यालय निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत है, लेकिन काम नहीं हो पाया।
– मंजू शर्मा, पार्षद वार्ड 18
————-
अब यह होगा क्षेत्र

वार्ड – 17
जनसंख्या – 11539

क्षेत्र-राजीव गांधी कॉलोनी गली 1 से 8, ज्वाला विहार, गजानन्द कॉलोनी सूथला, झींझाबेरी, राजीव गांधी कॉलोनी हत्था, अशोक नगर।

वार्ड – 18
जनसंख्या – 10686
क्षेत्र – कमला नेहरू नगर विस्तार तृतीय, आदर्श स्कूल, पीएनटी कॉलोनी, महेन्द्रनाथ अरोड़ा पार्क, माहेश्वरी न्याति भवन, दरगाह गली, ज्योति नगर, चांदणा भाकर, गौतमऋषि कॉलोनी, देवी नगर, देवी रोड पुलिया, वैष्णव कॉलोनी।

ट्रेंडिंग वीडियो