scriptWeather Report: भीषण गर्मी ने लगाया सड़कों पर कर्फ्यू | Weather Report: The scorching heat imposed 'curfew' on the roads | Patrika News

Weather Report: भीषण गर्मी ने लगाया सड़कों पर कर्फ्यू

locationजोधपुरPublished: Apr 28, 2022 05:48:50 pm

Submitted by:

Suresh Vyas

भीषण गर्मी ने जोधपुर समेत मारवाड़ के सभी शहरों को भट्टी बना दिया है। सभी इलाके भट्टी की मानिंद तप रहे हैं। आसमान से आग बरस रही है। Temperature सामान्य से चार-पांच डिग्री ज्यादा है। ऐसे में लोग बिना जरूरी काम घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे। ऐसे में सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू सा नजारा पेश आने लगा है। अगले चार-पांच दिन तक देह झुलसाने वाली गर्मी और Heatwave से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे।

Weather Report: भीषण गर्मी ने लगाया सड़कों पर कर्फ्यू

सूना पड़ा जोधपुर का मल्टीलेवल दुर्गादास राठौड़ ब्रिज

जोधपुर. समूचे संभाग में भीषण गर्मी (Scorching Heat) ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। आसमां से अंगारों की बरसात हो रही है और भट्टी की तरह तप रही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। लोग घरों-दफ्तरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। ऐसे में मुख्य सड़कें भी सूनी नजर आ रही है। सड़कों पर जैसे अघोषित कर्फ्यू लगा हो, इक्का-दुक्का वाहन ही दिखाई दे रहे हैं।
जोधपुर में लगातार दूसरे दिन भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि दिन व रात के पारे में मामूली गिरावट आई है, लेकिन लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल सकी। अधिकतम तापमान लगातार दो दिनों से 44 डिग्री के आसपास है। सूर्योदय के साथ शुरू होने वाली गर्मी से देर रात तक राहत नहीं मिल पा रही।सुबह-सुबह ही तेज गर्मी शुरू हो गई। सूरज के क्षिजित पर चढऩे से पहले तपिश का अहसास हो रहा था। आसमां एकदम साफ होने एकदम चटख धूप जमीं पर बरसने लगी। धूप के साथ मानो शोलों की बरसात हो रही थी। दोपहर में तापमान 43.6 डिग्री तक चढ़ा। इस सीजन मेें पहली बार शहरवासियों को अत्यधिक गर्मी का अहसास हुआ। शाम ढलने के बाद गर्म इमारतों से टकराकर आ रही हवाओं ने बेदम किए रखा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग चार डिग्री ज्यादा है। सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जलाती-तपाती गर्मी में लोग झुलस गए। जिले का फलोदी में भी गर्मी ने विकराल रूप धारण कर रखा है। वहां दो दिन से पारा 45 डिग्री को पार कर रहा है। सीमावर्ती बाड़मेर-जैसलमेर में भी लू के थपेड़े तन झुलसा रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तेज धूल भरी सतही हवाएं चलेगी। इनकी गति 35 से 40 किलोमीटर रहने का पूर्वानुमान है। गर्म धूल भरी हवाओं से हीट स्ट्रोक का खतरा रहेगा। मौसम विभाग के साथ डॉक्टरों ने भी बगैर काम दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी है। गर्मी के साथ हवा में नमी का स्तर भी कम होने से ज्यादा परेशानी हो रही है। जोधपुर में नमी 11 से 20 फीसदी के बीच मापी जा रही है।
सड़कें बनी आग का दरिया, बगैर हेलमेट झुलसे लोग

अत्यधिक गर्मी के कारण दोपहर में सड़कें आग का दरिया बन गई। बगैर हेलमेट अथवा चेहरे को बगैर पैक किए हुए हेलमेट पहने वाहन चालक गर्म हवाओं से झुलस गए। गाड़ी की स्पीड के साथ चेहरे पर सीधी लग रही गर्म हवाओं से चेहरा शुष्क हो गया। कइयों को सिरदर्द की शिकायत शुरू हो गई। डॉक्टरों ने लोगों को चेहरे का पूरा ढकने वाला हेलमेट पहनने की सलाह दी है।
जोधपुर में एक सप्ताह में ऐसे बढ़ा पारा

दिन —— अधिकतम तापमान

21 अप्रेल —— 40

22 अप्रेल —— 40.3

23 अप्रेल —— 41

24 अप्रेल —— 42.0

25 अप्रेल —— 42.5
26 अप्रेल —— 43.2

27 अप्रेल —— 43.6

28 अप्रेल ——42.6

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो