Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Auto से महिला कांस्टेबल को टक्कर मारकर घसीटा, लात मारकर गिराया

- तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाने पर रोकने का प्रयास करने पर वारदात, आरोपी चालक गिरफ्तार, ऑटो जब्त

less than 1 minute read
Google source verification

आरोपी ऑटो चालक।

जोधपुर.

महामंदिर थानान्तर्गत पावटा बी रोड पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रहे ऑटो को रोकने का प्रयास करना यातायात पुलिस की महिला कांस्टेबल के लिए जान पर बन आया। ऑटो रोकने की बजाय चालक ने महिला कांस्टेबल को चपेट में ले लिया और काफी दूर तक घसीटते ले गया। फिर लात मारकर महिला कांस्टेबल को गिरा दिया। महामंदिर थाना पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल की अगुवाई में महिला कांस्टेबल एक अन्य सिपाही व होमगार्ड गुरुवार सुबह नौ से दोपहर एक बजे की शिफ्ट में पावटा बी रोड सर्कल पर यातायात पुलिस की ड्यूटी में तैनात थे। इस दौरान एक ऑटो तेज रफ्तार व लापरवाही से आता नजर आया। महिला कांस्टेबल ने उसे रूकने का इशारा किया, लेकिन चालक तेजी से भगाने लगा। कांस्टेबल ने आगे आकर रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रोकने की बजाय कांस्टेबल को चपेट में ले लिया। उसने ऑटो की रफ्तार बढ़ा दी और घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। फिर महिला कांस्टेबल को लात मारी, जिससे कांस्टेबल सड़क पर कीचड़ में जा गिरी और बेहोश हो गई। इसका फायदा उठाकर चालक ऑटो को भगा ले गया।

ड्यूटी पॉइंट पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों ने महिला कांस्टेबल को संभाला और पावटा अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार किया गया। महामंदिर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची, जहां घायल कांस्टेबल के पर्चा बयान लेकर ऑटो नम्बर के आधार पर चालक के खिलाफ लज्जा भंग करने, राजकार्य में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया। तलाश के बाद पुलिस ने ऑटो जब्त कर चालक प्रतापनगर में हुड़को क्वार्टर निवासी दीपक (23) पुत्र महेन्द्र आचार्य को गिरफ्तार किया। आरोपी को पहले शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।