scriptमध्याह्न भोजन में मिले कीड़े, बच्चों ने देखा तो स्कूल में मच गया हड़कंप | Insects found in midday meal School Teacher Students | Patrika News

मध्याह्न भोजन में मिले कीड़े, बच्चों ने देखा तो स्कूल में मच गया हड़कंप

locationकांकेरPublished: Jan 04, 2020 02:48:44 pm

Submitted by:

Bhawna Chaudhary

ग्राम मांडाभर्री में संचालित मिडिल स्कूल के बच्चों को कीड़ेयुक्त भोजन परोसने का मामला सामने आ रहा है।

मध्याह्न भोजन में मिले कीड़े, बच्चों ने देखा तो स्कूल में मच गया हड़कंप

मध्याह्न भोजन में मिले कीड़े, बच्चों ने देखा तो स्कूल में मच गया हड़कंप

बासनवाही. स्कूलों में मध्याह्न भोजन में लापरवाही खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। ग्राम मांडाभर्री में संचालित मिडिल स्कूल के बच्चों को कीड़ेयुक्त भोजन परोसने का मामला सामने आ रहा है। स्कूल में बच्चों ने कीड़े वाली दाल देने की शिकायत पालकों के साथ शाला के शिक्षकों से भी की है।

नरहरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मांडाभर्री के मिडिल स्कूल में बच्चे ने बताया कि उन्हें मध्याह्न भोजन में कीड़े वाला खाना परोसा जा रहा है। चावल, दाल व सब्जी में अधिकांश दिनों कीड़े दिखते हैं। मध्याह्न भोजन में कीड़े व ईल्ली निकलने की खबर बच्चों ने शिक्षक और पालकों को दी है। बताया जा रहा कि इस स्कूल में समूह की महिलाओं द्वारा खाना दिया जा रहा है। बच्चों ने बताया कि दाल व सब्जी काफी कम परोसी जाती है।

कुछ अभिभावकों ने कहा मध्याह्न भोजन में कुछ दिन पहले भी कुछ बच्चों को सब्जी परोसा गया तो कुछ बच्चों को दाल दिया गया। मध्याह्न भोजन के संचालन में लापरवाही संबंधी शिकायत शिक्षा समिति के सदस्यों से भी बच्चों ने की है। पालक बालक सम्मेलन में प्रमुखता से यह मामला उठाया गया। ग्रामीण शम्भू सुरोजिया ने कहा कि पालक-बालक सम्मेलन में इस बात को प्रमुखता से रखा गया। बावजूद मध्याह्न भोजन में सुधार नहीं हो रहा है। हर महीने पालक बालक सम्मेलन करने से कोई फायदा नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा मध्याह्न भोजन का संचालन महिला स्वसहायता समूह कर रही है। शिक्षकों और रसोइयों के बीच तालमेल ठीक नहीं है। न ही प्रधान अध्यापक ध्यान दे रहे हैं। जिसके चलते यह सब हो रहा है। मध्यान भोजन परोसने के पहले शिक्षकों को भोजन को चखाकर देखने का नियम है। लेकिन शासन के नियम को शिक्षक नजर अंदाज कर रहे हैं। नियम को दरकिनार कर मध्याह्न भोजन पकाया और परोसा जा रहा है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा समिति के अध्यक्ष महेश जैन ने कहा कि दाल में कीड़े मिलने की जानकारी बच्चों ने हमें भी दी। पालक बालक सम्मेलन में समजाइश दिया गया है। संस्था प्रमुख को भी इस बारे में बताया गया है। अब कीड़े मिले तो कार्रवाई की जाएगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो