महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका कन्नौज सदर कोतवाली के मौसमपुर मौरारा निवासी अमर सिंह पुत्र पुत्तूलाल यादव के खेत में पुराना ट्यूबवेल का गड्ढा है। किसी ने गड्ढे में महिला को जिंदा फूंक दिया। हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। शनिवार दोपहर खेत की तरफ गए लोगों को गड्ढे से कुछ जलने की बदबू लगी। झांक कर देखा तो होश उड़ गए। गड्ढे में महिला का शव पूरी तरह से राख में तब्दील नजर आया। सिर्फ एक पैर का कुछ हिस्सा बचा था। उसमें बिछिया व नेल पेंट लगा होने से महिला के शादीशुदा होने की पुष्टि हुई। उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष की आंकी गई है। प्रभारी निरीक्षक समेत फोरेंसिक टीम व अफसर पहुंच गए। पुलिस ने खेत मालिक समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आएगी। आस पास गांवों में भी ग्रामीणों से पता लगाया जा रहा है।