कानपुर

अखिलेश यादव के दिल से नहीं कम हुआ खजांची का प्यार, अब इस तरह खोल दिया खजाना

अब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खजांची के विकास के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं।

कानपुरMay 06, 2018 / 05:13 pm

Abhishek Gupta

Akhilesh Yadav

कानपुर देहात। नवम्बर 2016 में नोटबंदी के दौरान झींझक की पंजाब नैशनल बैंक की लाइन में जन्मे बच्चे का नाम खजांची रखने के बाद सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कुछ ऐसे संबंध बन गये है कि वे साल में एक दो बार उसके हालचाल ले लेते हैं। उसके जन्म से लेकर अभी तक अखिलेश यादव उनका विशेष खयाल रखते रहे हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खजांची के गांव व मजरों को चमकाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं। इस क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से शाहपुर जोगी डेरा में बरातशाला की स्वीकृति दी है। वहीं ग्राम प्रधान पुत्र ने निर्माण के लिए भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया है।
नोटबन्दी के दौरान बैंक में जन्मा था खजांची

बताते चले कि केंद्र में भाजपा की सत्ता आते ही प्रधानमंत्री ने नोटबन्दी का ऐतिहासिक कदम उठाया था। हालांकि बीते 2016 में 8 नवम्बर का दिन लोगों के लिए परेशानी का सबब बनकर जरूर आया था। इसमें लोगों को बैंक की कतारों में खड़े होकर घंटो इंतजार करना पड़ा था, लेकिन भाजपा सरकार की नोटबंदी के दौरान जनपद के झींझक स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में सरदार पुरवा जोगिन डेरा से रुपये लेने आई खजांची की मां सर्वेशा देवी ने बैंक में ही बच्चे को जन्म दिया था। यह जानकारी आग की तरह फैलते ही तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूरे परिवार को लखनऊ बुलाकर बच्चे के पोषण के लिए आर्थिक मदद देते हुए बच्चे का नाम खजांची नाथ रख दिया था।
खजांची के गांव के विकास के लिए खोला खजाना-

अब इसी खजांची नाथ के गांव के विकास के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपना खजाना खोल दिया है। एक माह पूर्व सपा के राष्ट्रीय महासचिव किरणमय नंदा ने इसी गांव के सरदार पुरवा जोगी डेरा में 70 सोलर लाइटें व 10 इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाये थे। अब खुद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी विधायक निधि से गांव के मजरे शाहपुर जोगी डेरा में बारातशाला के निर्माण के लिए 17.75 लाख रुपये दिए हैं। जिससे गांव में खुशी की लहर दौड़ गयी है।
भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ कार्य-

इसके बाद शाहपुर जोगी डेरा पहुंचे कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु निर्माण लिमिटेड के सहायक अभियंता मलखान सिंह ने बारातशाला निर्माण के लिये ग्राम पंचायत द्वारा दी गयी भूमि की नापजोख कर निशान लगवाये। इसके बाद ग्राम प्रधान के पुत्र गुड्डू यादव ने भूमि पूजन कर काम शुरू कराया। एई मलखान सिंह ने बताया की बारातशाला के लिये भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। बारातशाला में एक हाल दो स्नानकक्ष प्रसाधन, एक बरामदा का निर्माण होना है। साथ ही तीन सोलर लाइटें भी लगनी हैं।
बोले सपा के पूर्व चेयरमैन राजकुमार यादव-
सपा के पूर्व चेयरमैन राजकुमार यादव नगर पालिका झींझक का कहना है कि सपा सरकार के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार ने नोटबन्दी की जिसमें यह बच्चा बैंक में जन्मा था। इसको पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ बुलाकर सहायता राशि देते हुए उसका नाम खजांची नाथ रख दिया था। तब से वह खजांची के लिए कुछ न कुछ करते रहते हैं आज भी विपक्ष में होने के बावजूद खजांची के दोनों गांवों में विकास के लिए उन्होंने अपना खजाना खोल दिया है। सत्ता की भाजपा सरकार सपा पर लगातार आरोप लगाती रही है, ये उनका कार्य है और समाजवादी पार्टी सिर्फ जमीनी कार्य करती है, जो लोगों को दिखता है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.