मिली जानकारी के अनुसार विकास दुबे की पत्नी, मां और दोनों बेटों की संपत्ति को भी अटैच किया जा रहा है। यह संपत्तियां बिकरू, चौबेपुर, कानपुर देहात और लखनऊ में शामिल है। इसमें कुल 13 अचल और 10 चल संपत्तियां शामिल है।
डीएम कानपुर ने अपने बयान में कहा
बिकरु कांड से संबंधित मुख्य अभियुक्त विकास दुबे और उनके परिवारी जन के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक कानपुर आउटर द्वारा जांच रिपोर्ट दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कानपुर जिला नगर मजिस्ट्रेट द्वारा गैंगस्टर एक्ट 14 (1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चल अचल संपत्ति के जब्ती करण का आदेश दिया गया है। यह वही चल अचल संपत्ति है। जिन्हें उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जन किया गया था। पुलिस की आख्या के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। तहसीलदार के रूप में रिसीवर नियुक्त किया गया है।
कानपुर देहात और लखनऊ की संपत्ति होगी जब्त
उन्होंने बताया कि यह चल अचल संपत्ति केवल कानपुर में ही नहीं है बल्कि कानपुर देहात और लखनऊ जनपद स्थित है। संबंधित जिलाधिकारी को भी पत्र लिखा गया है। नेहा शर्मा ने बताया कि स्थानीय स्तर पर एसडीएम या तहसीलदार को रिसीवर नियुक्त कर संपत्ति की कुर्की किए जाने का अनुरोध किया गया है। इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत 67 करोड़ है।