उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों और केंद्र की संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार की जुगलबंदी से प्रदेश की पूरी व्यवस्था गर्त में चली गई है। उसे ठीक करने का लगातार प्रयास चल रहा है। समय जरूर लगेगा पर व्यवस्था सुधरेगी। उन्होंने आवारा मवेशियों की समस्या पर कहा कि प्रदेश सरकार जल्दी ही नंदघर शुरू कर रही है। इनमें आवारा मवेशियों को रखकर उनके चारे आदि का इंतजाम किया जाएगा। यहीं से किसानों को जैविक खाद्य भी मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सिकंदरा के दिवंगत विधायक मथुरा पाल ने भी यह समस्या उनके और मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी। इसलिए आवारा मवेशियों के लिए नीति बनाकर हल निकाला गया है। पूर्व की सरकारों में कांजी हाउस व्यवस्था समाप्त होने से आवारा मवेशी फसलों आदि का नुकसान करते हैं। प्रदेश सरकार जल्दी ही इस समस्या से किसानों को निजात दिलाएगी। उन्होंने लोगों से कहा कि निकाय चुनाव में जनता ने पार्टी को विशिष्ट उपलब्धि से उत्तीर्ण कराया था। उप चुनाव में भी पास कराएंगे तो एक अच्छा संदेश जाएगा और यही स्व. मथुरा पाल के लिए श्रद्धांजलि होगी।