scriptहार के बाद भगवा बिग्रेड का सबसे बड़ा एक्शन, ढह रहे किलों को बचाने के लिए उतरा चाणक्य | BJP Strategy for Mahagathbandhan and 2019 Lok Sabha Election Kanpur | Patrika News

हार के बाद भगवा बिग्रेड का सबसे बड़ा एक्शन, ढह रहे किलों को बचाने के लिए उतरा चाणक्य

locationकानपुरPublished: Jun 04, 2018 08:03:44 am

Submitted by:

Vinod Nigam

बीजेपी के इस दांव से धराशाई हो जाएगा महागठबंधन…

BJP Strategy for Mahagathbandhan and 2019 Lok Sabha Election Kanpur

हार के बाद एक्शन में आई भगवा बिग्रेड, ढह रहे किलों को बचाने के लिए उतरा चाणक्य

कानपुर. गोरखुपर, फूलपुर के बाद कैराना लोकसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने खास सुनील बंसल को मैदान में उतार दिया है। उत्तर प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल इसी के चलते रविवार को एकाएक शहर पहुंचे और कानपुर-बुंदेलखंड के 17 जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस किले को बचाने के लिए उन्हें मंत्र दिए। इस मौके पर महामंत्री ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद और प्रधान जनहितकारी कार्यो में लापरवाही कर रहे हैं, जिसकी रिपोर्ट बूथ अध्यक्षों के जरिए मिली है। अभी एक साल का समय चुनाव में उतरने के लिए बचा है। ऐसे में पन्द्रह दिनों तक गांवों में चौपाल लगाकर योजनाओं को प्रचारित करें। इसके साथ ही जनमानस की समस्याओं को लिपिबद्ध कर उनके निस्तारण के लिए पूरी लगन से काम किया जाये। जिससे पार्टी के प्रति बना जनता का विश्वास बरकरार रह सके। दावेदारों को टिकट इसी के अधार पर मिलेगा। जिसकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई, उसे कमल का सिंबल किसी कीमत पर नहीं मिलेगा।
निराशाजनक रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक रविवार को भौंती स्थित पीएसआईटी संस्थान में आयोजित हुयी। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चित कर व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारी, सदस्य, क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, मतदाता सूची प्रमुखों को अपने संबोधन में कहा पूर्व में ग्राम स्वराज अभियान के तहत हम लोगों ने 4400 गांवों में रात्रि प्रवास किया था। जिसमें ग्राउंड रिपोर्ट काफी निराशाजनक रही और जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों की जमकर लापरवाही सामने आयी। जिस पर सरकार ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के पेच कसे और उन्हें इन गांवों में रात्रि प्रवास करने के आदेश दिए हैं।
चौपाल लगाने के दिए आदेश

सुनील बंसल ने कहा कि कि हम लोगों ने अभी केंद्र सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रम किये हैं। केंद्र व उप्र की सरकारें जनहित के बहुत काम कर रही हैं, हमें लगातार जनता के बीच जाकर समस्याएं सुननी हैं तथा जिनको लाभ नहीं मिला ऐसी जनता को योजनाओं का लाभ दिलाना है। एक से 15 जून पार्टी पूरे उप्र के 13500 सेक्टर्स में ग्राम चौपाल लगा रही है। एक जून से ही चुनाव आयोग मतदाता सूची ठीक कराने का काम कर रहा है हम सबको प्रत्येक बूथ पर ध्यान देकर मतदाता सूची को ठीक कराना है। महामंत्री ने 17 जिलों की 11 लोकसभा सीटों के 11 में से सात सांसदों के कामकाज पर नारजकी व्यक्त की। साथ ही बताया कि 47 विधायकों में से 70 फीसदी भाजपा के दिए गए टारगेट में पीछे रहे। महांमत्री ने कहा कि बूथ प्रमुख और विस्तारकों की रिपोर्ट के बाद यह सच्चाई सामने आई है। इसलिए जनता की समस्याएं सुनें और उनका निराकरण करें।
कुमारस्वामी की सरकार को गिरा देगी कांग्रेस

महामंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अपने परिश्रम से केंद्र की मोदी जी व प्रदेश की योगी जी की भाजपा वाली सरकारों ने ऐसा माहौल बना दिया है कि अब केवल विकास के मुद्दे पर ही जनता चुनाव की कसौटी पर राजनैतिक दलों को कसेगी। कहा जिस प्रकार का माहौल बना हुआ है उससे यह तय है कि आगामी लोकसभा चुनाव में पिछली बार की अपेक्षा अधिक सीटे जीतकर एक बार फिर मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार बनेगी। कांग्रेस ने कर्नाटक जनता के साथ धोखा किया है। कुमारस्मामी की सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। उन्हें काग्रेस ही सत्ता से बेदखल कर देगी।
धराशाई हो जायेगा महागठबंधन

महांमत्री ने कहा कि उप चुनावों में महागठबंधन को जीत मिल रही है। जिससे वह लोग आगामी लोकसभा चुनाव में जीत का सपना देखने लगें हैं। लेकिन उन्हे यह नहीं मालूम कि उप चुनाव और आम चुनाव में बहुत अंतर होता है, आम चुनाव में क्षेत्रीय व जातिवाद को बोलबाला नहीं रहता। ऐसे में महागठबंधन के पास एक भी ऐसा नेता नहीं है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने टिक सके। कहा आगामी लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों व विकास पर होगा और महागठबंधन पूरी तरह से धराशाई हो जायेगा।
यह नेता रहे मौजूद

क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने हाल ही में पार्टी द्वारा किये गए, प्रबुद्ध जन सम्मेलन, युवा मोर्चा के वाहन जुलुस, महापुरुषों की मूर्ति सफाई आदि अभियानों की जानकारी देकर कहा कि वे सभी कार्यक्रम सफल रहे हैं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी, सतीश महाना, राज्य मंत्री अर्चना पाण्डेय, मनोहर लाल उर्फ़ मन्नू कोरी, रणवेन्द्र प्रताप उर्फ़ धुन्नी सिंह, सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, क्षेत्रीय महामंत्री संगठन ओमप्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल, देवेश कोरी, सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय महामंत्री मुखलाल पाल, रामकिशोर साहू, रामहित निषाद, बृजेश तिवारी, मीडिया प्रभारी मोहित पाण्डेय, सह मीडिया प्रभारी प्रमोद अग्रहरी बॉर्डर, सौरभ बाजपेई आदि मौजूद रहें।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो