कानपुर

CM योगी रैली के जरिए CAA की हकीकत से जनता को कराएंगे रूबरू

22 जनवरी को किदवई नगर स्थित कामर्शियल ग्राउंड में करेंगे सीएम के साथ केंद्रीय मंत्री दोपहर एक बजे जनसभा को करेंगे संबोधित, ज्यादा से ज्यादा भीड़ लाने के लिए जुटे भाजपा कार्यकर्ता।

कानपुरJan 22, 2020 / 12:50 am

Vinod Nigam

CM योगी रैली के जरिए CAA की हकीकत से जनता को कराएंगे रूबरू

कानपुर। नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) को लेकर जहां देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं तो वहीं अब भारतीय जनता पार्टी सीधे जनता के बीच जाकर कानून की हकीकत से उन्हें रूबरू करा रहे हैं। बुधवार को खुद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर किदवई नगर स्थित कामर्शियल ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

किइवई नगर में रैली
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कानपुर पहुंच रहे हैं। सीएम योगी कई कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद करीब साढ़े दस बजे कानपुर पहुंचेंगे। फिर करीब एक बजे वह रैली स्थल में पहुंचेगे। सभा के लिए भाजपा नेताओं ने मंगलवार को दिनभर तैयारी की। क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह की देखरेख में प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य ने व्यवस्थाएं देखीं। भाजपा के जनप्रतिनिधियों समेत वरिष्ठ नेता दिनभर जनसंपर्क में लगे रहे। उन्होंने लोगों को जनसभा में आने का आमंत्रण दिया।

गलतफहमी करेंगे दूर
क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि सीएए को लेकर विपक्ष ने जो गलतफहमियां और झूठ फैलाया है, उसे भाजपा दूर कर रही है। जनता इस कानून का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में सताए गए अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता देने के लिए यह कानून बनाया गया है। इससे किसी की नागरिकता नहीं जानी है, लेकिन यही भ्रम फैलाया जा रहा है। इसलिए 22 जनवरी को कानपुर में जनसभा होने जा रही है। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह इन गलतफहमी को दूर करने का काम करेंगे।

चलाया जनसपंर्क अभियान
गोविंद नगर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी रथ पर सवार होकर गली, मोहल्ले में घूमें और लोगों को आमंत्रण पत्र देकर रैली स्थल में आने को कहा। भाजपा विधायक का काफिला मुस्लिम बाहूल्य इलाकों से होकर गुजरार्। वह खुद रथ से नीचे उतरे और मुस्लिम समाज के लोगों को गले लगाकर सीएए के बारे में बताया और सभा में आने को कहा। विधायक का लोगों ने भी दिल खोलकर स्वागत किया। भाजपा विधायक ने कहा कि विरोधी दलों को जनता ने नकार दिया है और अपनी खोई सियासी जमीन पाने के लिए वह बेकसूर जनता को गुमराह कर सड़क पर उतार रही है और प्रदर्शन के लिए उकसा रही है। भाजपा इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।

पीएम मोदी के बनें दूत
दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉक्टर वीना आर्या पटेल ने जिले के विभिन्न मंडलों में मंडल प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों की देखरेख में बूथ स्तर तक की बैठक की। बैठक में जनसभा प्रभारी अमरपाल मौर्या ने कहा कि कार्यकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी के दूत बनकर नागरिकता पर भ्रम का कोहरा हटाएंगे। बैठक में हर बूथ से जनता के आने पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों ने सीएए के समर्थन में पत्र दिया है। वहीं उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने किदवई नगर चैराहे से महिला विद्यालय तक व्यापारियों को हल्दी, चावल देकर जनसभा में आने का आमंत्रण दिया।

महापौर ने भी की बैठक
नगर निगम गेस्ट हाउस में महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुस्लिम पार्षदों को सीएए के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महापौर ने कहा राजनीतिक कारणों से विरोध किया जा रहा है और मुस्लिम भाइयों में भ्रम फैलाया जा रहा है। बताया कि सभी को मुख्यमंत्री योगी की जनसभा में आने का आमंत्रण दिया। कहा कि विरोधी दलों ने लोगों के अंदर भय-भ्रम फैलाया और फिर प्रदर्शन के लिए उकसाया, जिसके कारण यूपी के कई शहरों में हिंसा हुई। पर भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता विपक्ष की झूठ से पर्दा उठा कर रहेगा।

पुलिस-प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री की प्रस्तावित रैली को लेकर प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया। आइजी मोहित अग्रवाल, डीएम डॉक्टर ब्रह्मदेव राम तिवारी, डीआइजी अनंत देव, नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी, एडीएम सिटी विवेक कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने साकेत नगर स्थित नगर निगम के कामर्शियल पार्क का निरीक्षण किया व मैदान की साफ सफाई और समतलीकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस ने भी आसपास के इलाकों में सुरक्षा-व्यवस्था तेज कर दी है। रैलीस्थल के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा रहेगा। पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात होगी। छतों पर स्पाइन भी तैनात किए जाएंगे।

Home / Kanpur / CM योगी रैली के जरिए CAA की हकीकत से जनता को कराएंगे रूबरू

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.