कानपुर

अकबरपुर व कानपुर नगर लोकसभा सीट पर बीजेपी से टिकट दावेदारों में घमासान, पार्टी में हलचल

कानपुर महानगर और अकबरपुर लोकसभा सीट पर टिकट के दावेदार पहली सूची के बाद से ऊहापोह की स्थिति में पड़े हुए हैं।

कानपुरMar 23, 2019 / 05:03 pm

Arvind Kumar Verma

अकबरपुर व कानपुर नगर लोकसभा सीट पर बीजेपी से टिकट दावेदारों में घमासान, पार्टी में हलचल

कानपुर देहात-लोकसभा चुनाव की रणभेरी में भारतीय जनता पार्टी की पहली सूची से राजनीति की सरगर्मी बढ़ गयी है। खासतौर पर सत्तासीन पार्टी की टिकट दावेदारी के लिए दिग्गजों की निगाह राष्ट्रीय मुख्यालय पर जमी हुई है। देखा जाए तो पिछले दो दिनों से दिल्ली भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय से जो खबरें सूत्रों के जरिए लोगों तक पहुंच रही है, उससे कानपुर नगर व देहात की अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपाइयों में काफी हलचल है। दरअसल अकबरपुर और कानपुर नगर की सीट पर टिकट बंटवारे को लेकर जातिगत आंकड़ों के कयास लगाए जा रहे हैं। कानपुर महानगर और अकबरपुर लोकसभा सीट पर टिकट के दावेदार पहली सूची के बाद से ऊहापोह की स्थिति में पड़े हुए हैं।
 

कानपुर नगर से टिकट के लिए कई दिग्गज नेता पहल में लगे हुए हैं। कहा जा रहा है कि यदि कानपुर नगर से पिछड़े वर्ग को टिकट मिलती है तो भाजपा अकबरपुर से किसी ब्राह्मण को भी उतार सकती है। ऐसे में दोनों सीटों पर बाकी दावेदार अपने बड़े नेताओं से सलाह मशविरा करने में जुट गए हैं। कानपुर लोकसभा सीट की बात करें तो यहां सांसद मुरली मनोहर जोशी के अलावा कई और दावेदार हैं, जो अपने टिकट के लिए रात दिन एक किए हुए हैं। इन दावेदारों में सतीश महाना के साथ सलिल विश्नोई, सुरेंद्र मैथानी, नीरज चतुर्वेदी का नाम सामने आ रहा है।
 

पता चला है कि संघ की तरफ से भी दावेदारों की एक सूची भेजी गई है, जिसमें एक महिला दावेदार का नाम भी प्रमुखता के साथ रखा गया है। इसी तरह अकबरपुर लोकसभा सीट पर सांसद देवेंद्र सिंह भोले के अलावा अन्य दावेदारों में अभिजीत सिंह साँगा विधायक, अनिल शुक्ल वारसी पूर्व सांसद, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, प्रेमलता कटियार का नाम चर्चा में है। दो दिन पूर्व जिस समय दिल्ली में प्रत्याशियों के चयन को लेकर कोर कमेटी की बैठक चल रही थी, इन दावेदारों और इनके समर्थकों में बेचैनी बढ़ गई थी। फिलहाल यहां चौथे चरण में चुनाव होने की वजह से यहां के प्रत्याशियों की सूची 25 मार्च के बाद जारी होने का अनुमान लोग लगा रहे हैं।

Home / Kanpur / अकबरपुर व कानपुर नगर लोकसभा सीट पर बीजेपी से टिकट दावेदारों में घमासान, पार्टी में हलचल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.