कानपुर

उपचुनाव में इस विधानसभा सीट पर भाजपा में ६० से ज्यादा दावेदार

कांग्रेस ने प्रत्याशी किया घोषित, मिल सकती भाजपा को टक्कर
पार्टी प्रत्याशी चयन को लेकर पशोपेश में, नवरात्र का इंतजार

कानपुरSep 23, 2019 / 01:56 pm

आलोक पाण्डेय

भाजपा

कानपुर। लोकसभा चुनाव में विधायक से कानपुर के सांसद बने सत्यदेव पचौरी की खाली हुई गोविंदनगर विधानसभा सीट भाजपा और कांग्रेस के लिए नाक का सवाल बन रही है। कांग्रेस ने इस सीट से अपना प्रत्याशी उतार दिया है। जिसने मुख्यमंत्री के कानपुर दौरे में अपनी ताकत दिखाकर भाजपा में हलचल पैदा कर दी। अब भाजपा को अपना प्रत्याशी मैदान में उतारना है, लेकिन कानपुर से इस सीट के लिए ६० से ज्यादा लोगों ने अपना दावा ठोंक रखा है। पार्टी के लिए मुश्किल हो रही है कि पांच दर्जन से ज्यादा इन दावेदारों में किसे खुश किया जाए और किसे नाराज।
कांग्रेस की करिश्मा ने दिखाई ताकत
कांग्रेस ने गोविंदनगर विधानसभा से किसी पुराने कद्दावर नेता की जगह युवा चेहरे के रूप में करिश्मा ठाकुर को उतारा है। करिश्मा कन्नौज लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव को टक्कर दे चुके बसपा के पूर्व प्रत्याशी राजेश सिंह की पुत्री हैं और प्रियंका की करीबी भी हैं। कानपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया दौरे के दिन करिश्मा के जोश ने कांग्रेसियों में नई जान फूंक दी थी और विरोध प्रदर्शन से करिश्मा मुख्य लड़ाई में आ गईं। करिश्मा अखबारों की सुर्खियों में थीं और इस प्रदर्शन ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी।
हर हाल में सीट जीतना चाहते हैं योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोविंदनगर विधानसभा सीट हर हाल में जीतना चाहते हैं। दूसरी ओर नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव के लिए भी यह बड़ी परीक्षा है। इसीलिए इस सीट पर पार्टी बहुत सोच समझकर प्रत्याशी का चयन करना चाहती है। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि इस सीट पर प्रत्याशी का चयन भी हो चुका है। शुुभ मुहूर्त के इंतजार में अभी इसकी घोषणा रुकी हुई है। इस बीच पार्टी चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है।
की गई यह तैयारी
रविवार को पार्टी की बैठक में तय किया गया कि तीन से लेकर दस अक्तूबर तक चार बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पहला महिला सम्मेलन, दूसरा छह अक्तूबर को युवा सम्मेलन, नौ अक्तूबर को अनुसूचित मोर्चा और आठ अक्तूबर को पिछड़ा मोर्चा सम्मेलन होगा। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि इन सम्मेलनों में प्रभावशाली नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.