कानपुरPublished: Oct 12, 2022 05:43:01 pm
Narendra Awasthi
कानपुर जिला कारागार के डॉक्टर ने दो कैदियों को उपचार के लिए हैलट रिफर किया था। लेकिन सुरक्षा के लिए साथ में भेजे गए पुलिसकर्मी ने उन्हें आजादी का एहसास कराया और शहर में घुमाने के साथ खाना पीना भी कराया। एंबुलेंस में आगे बैठे सिपाही को सिगरेट पीते भी देखा जा रहा है। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस कमिश्नर कानपुर बीपी जोगदंड ने पूरे घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन भी मामले की जांच कराएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यूपी पुलिस का अपराधियों के साथ चहल कदमी करना अक्सर चर्चा में बना रहता है। कई मामलों में कैदी को लीक से हटकर सुविधा उपलब्ध कराने के दौरान भागने की भी खबर आती रहती हैं। इसके बाद भी पुलिस में सुधार नहीं आ रहा है। इसी प्रकार का एक मामला सामने आया है। दो कैदियों के साथ पुलिस का एंबुलेंस में घूमना चर्चा का विषय बन गया है। कई घंटों तक पुलिस एंबुलेंस में दो कैदियों के साथ घूमती रही। शहर का नजारा दिखाया, होटल में खाना भी खाया। एक सिपाही एंबुलेंस में सिगरेट पीता दिखाई पड़ रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इसे देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने जांच कमेटी बनाई है। जो पूरे मामले की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जानकारी मिल रही है। इधर जेल प्रशासन ने भी मामला सामने आने के बाद जांच कराने की बात बताई है।