कानपुर

प्रियंका गांधी यूपी में कांग्रेस की हार के बाबजूद क्यों चहक रही हैं

वोट शेयर बढऩे के कारण कार्यकर्ता भी खुश

कानपुरOct 25, 2019 / 02:02 pm

आलोक पाण्डेय

प्रियंका गांधी यूपी में कांग्रेस की हार के बाबजूद क्यों चहक रही हैं

कानपुर। उत्तरप्रदेश की ११ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भले ही कांग्रेस को सफलता न मिली हो, लेकिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी फिर भी खुश हैं। उनकी खुशी की वजह उपचुनाव में हार नहीं बल्कि मतदान के बाद बढ़ा वोट प्रतिशत है। प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के बाद दिल्ली पहुंची प्रियंका ने कानपुर समेत यूपी की सभी उपचुनाव वाली सीटों पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर खुशी जताई है।
कानपुर में बढ़ा १०.६७ प्रतिशत वोट
यूपी में विधानसभा चुनाव कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ा था। जिसके बाद कानपुर समेत यूपी की सभी ११ विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस अकेले ही उतरी थी। कांग्रेस के लिए खुशी की बात यह रही कि विधानसभा चुनाव में दो दल होने के बावजूद उपचुनाव में अकेले कांग्रेस को ज्यादा मत मिले। विधानसभा चुनाव के मुकाबले उपचुनाव में कांग्रेस का वोटबैंक बढ़ गया। कानपुर की गोविंदनगर जैसी हाईप्रोफाइल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को विधानसभा चुनावों के मुकाबले १०.६७ प्रतिशत ज्यादा वोट मिले।
पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
कानपुर के कांग्रेसियों ने प्रियंका गांधी को मतदान प्रतिशत बढऩे की खुशखबरी सुनाई। जिसके बाद प्रियंका ने संतोष जताया कि यूपी में कांग्रेस फिर वापसी कर रही है। उन्होंने कानपुर के कांग्रेस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए अभी से विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाने के निर्देश दिए हैं। प्रियंका ने दावा किया है कि अगले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।
करिश्मा के प्रदर्शन पर संतोष
कानपुर में कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर के प्रदर्शन पर कांग्रेसियों में संतोष है। कांग्रेसी मानते हैं कि करिश्मा ने भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी है। सत्ता में होने के बावजूद सुरेंद्र मैथानी को करिश्मा से कड़ी टक्कर मिली और करिश्मा ने छात्र राजनीति से बाहर अपने पहले चुनाव में अपना दम दिखा दिया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.