कानपुर

अखिलेश को छोड़ शिवपाल के साथ आए सपाई

पनकी स्थित एक शादी समारोह में आए थे शिवपाल, कई सपा नेताओं ने ली प्रसपा की सदस्यता, गठबंधन के प्रश्न पर कुछ इस तरह से दिया बयान।

कानपुरDec 16, 2018 / 06:30 pm

Vinod Nigam

अखिलेश को छोड़ शिवपाल के साए आए सपाई

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव पनकी महंत कृष्णादास की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे। इस मौके पर उनका भव्य स्वागत किया गया। शिवपाल यादव अपनी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा करने के साथ ही सपा व भाजपा नेताओं को प्रसपा की सदस्यता दिलाई। शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अंदर अब पुराने समाजवादियों का सम्मान नहीं होता। ऐसे नेताओं को हम अपने साथ जोड़ रहे हैं। यूपी में हम ही भाजपा को टक्कर देंगे। हां यदि महागठबंधन पर हमें सम्मानजनक सीटें मिलती हैं तो साथ में चुनाव लड़ने पर विचार कर सकते हैं।

इन नेताओं ने प्रसपा की ली सदस्यता
शिवपाल यादव की मौजूदगी में सपा कानपुर के जिला सचिव सपा (ग्रामीण) अर्जुन भदौरिया, जिला सचिव सयुस पवन कटियार, सपा के जिला सचिव यामीन खान, महेंद्र सिंह तोमर ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके अलावा भाजपा से श्याम सिंह भदौरिया भी शिवपाल यादव के दल में शामिल हुए। यामीन खान ने कहा कि पूर्व मंत्री शिवपाल यादव और मुलायम सिंह ने मिलकर सपा का गठन किया था। हम जैसे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने खून-पसीने से पार्टी को खड़ा किया। लेकिन सत्ता मिलते ही कुछ लोगों ने पार्टी पर कब्जा कर लड़ाकू-जुझरू समाजवादियों का अपमान करने लगे। इसी के चलते नेता जी के अलावा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के कहने पर प्रसपा का गठन किया गया है।

बेरिया इमानदार नेता
इस मौके पर शिवपाल यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया को पार्टी से निकाल दिया गया। बेरिया 40 साल से सपा से जुड़े थे और नेता जी के कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को आगे लेकर गए। पर कुछ चापलूसों के कहने पर उन्हें दल से निकाल दिया गया। हम चाहते हैं कि वो प्रसपा में शामिल हों। शिवपाल यादव ने कहा कि बेरिया से अभी बात नहीं हुई। जल्द ही बैठक कर उनके साथ चर्चा की जाएगी। शिवपाल यादव ने गठबंधन को लेकर बयान दिया। कहा, अगर अखिलेश यादव हमारी पार्टी को गठबंधन में शामिल करने का ऑफर देते हैं तो इस पर विचार किया जाएगा। हम हर हाल में भाजपा को सत्ता से दूर करना चाहते हैं और इसी के चलते अलग दल बनाया है।

भाजपा से प्रसपा का मुकाबला
हमारी पार्टी जनता के मुद्दों के साथ लोकसभा चुनाव में जाएगी। आम आदमी के लिए हमने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन किया है और जनता की जरूरतों को मुद्ा बनाकर चुनाव लड़ेंगे। प्रसपा का यूपी के सभी 75 जिलों की 80 सीटों पर संगठन तैयार है और मुलायम सिंह यादव के समाजवाद की विचारधारा को घर-घर हमारे कार्यकर्ता पहुंचा रहे हैं। बीजेपी के साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे। शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि उनका बीजेपी से कोई लेना देना नहीं है। प्रसपा ही भाजपा को यूपी में रोकेगी। पार्टी एक बूथ 25 यूथ के तहत संगठन को लगा रही है। शिवपाल यादव ने कहा कि सपा के अलावा भाजपा व अन्य दलों के नेता आने वाले दिनों में हमारे साथ दिखेंगे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.