कानपुर

स्कूलों में ठहराए गए बाहर से आए दो सैकड़ा से अधिक लोग भागे, सभी को नोटिस जारी कर दी ये चेतावनी

ऐसी स्थित में संक्रमण के खिलाफ जंग जीतना कठिन होता जा रहा है।

कानपुरApr 03, 2020 / 11:35 pm

Arvind Kumar Verma

स्कूलों में ठहराए गए बाहर से आए दो सैकड़ा से अधिक लोग भागे, सभी को नोटिस जारी कर दी ये चेतावनी

कानपुर देहात-संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए कानपुर देहात जिला प्रशासन ने बाहर से आने वाले लोगों को एक निश्चित स्थान पर ठहरने के लिए निर्देशित किया है। इसके लिए जिलाधिकारी सहित सीडीओ ने गांव के प्रधान व नगर निकाय के जिम्मेदारों को निर्देशित किया था। इसके बाद बाहर से आए लोगों को क्वारांटाइन किया जा रहा है। वहीं जिले के झींझक व संदलपुर ब्लॉक के गांवों के स्कूलों में रुकवाए गए दूसरे प्रदेशों से आए लोग लगातार स्कूलों से भाग रहे हैं। यहां तक कि कुछ गांवों में तो अब तक बाहर से आए लोगों को स्कूल में रुकवाना सुनिश्चित भी नहीं किया गया है। ऐसी स्थित में संक्रमण के खिलाफ जंग जीतना कठिन होता जा रहा है । इसके चलते झींझक ब्लाक की 10 पंचायतों में स्कूलों से भागे करीब 200 से भी अधिक लोगों को नोटिस जारी कर स्कूल में न रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
संक्रमण को रोकने के लिए जिले के अफसर बेहद गंभीर हैं। अधिकारियों के निर्देश पर दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों के स्कूलों में ठहरने की व्यवस्था की गई थी। सभी ग्राम पंचायतों के स्कूलों में रुकवाए गए थे। लेकिन बाहर से लौटे लोग इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। अपील करने के बाद भी स्कूलों में नहीं रुक रहे हैं, जिससे कोरोना की जंग जीतने में बाधा उत्पन्न हो सकती है। जिले के झींझक ब्लाक के राजपुर ग्राम पंचायत में बाहर से आने वाले 25 लोगों को रुकवाया गया था, जो सभी लोग भाग गए। हालांकि सभी के घरों में नोटिस दिया गया है। जबकि परजनी में भी 22 लोग बाहर से आए थे, सभी स्कूल से भाग गए। इन सभी लोगों को भी नोटिस दिया गया है।
पिपरी गांव में बाहर से आए स्कूल में रुके सभी 35 लोग भाग गए थे, इनको नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह औरंगाबाद झड़ा में रुकवाए गए 30 लोग भाग गए, इनको नोटिस जारी की गई है। जबकि मंगलपुर में आए 100 लोगों को दो स्कूलों में रखा गया है। वहां से भागे 10 लोगों को नोटिस जारी की गई है। नसीरपुर गांव के स्कूल से भागे 15 लोगों को नोटिस जारी की गई है। फिलहाल 10 ग्राम पंचायतों से भागे करीब 200 लोगों को नोटिस जारी की गई है। एडीओ पंचायत झींझक ने बताया कि झींझक ब्लाक में 60 स्कूलों में करीब 16 सौ लोगों के रुकने की व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों से रोजाना रिपोर्ट मांगी जा रही है। स्कूलों से भागे करीब 200 लोगों को नोटिस जारी कर तत्काल स्कूलों में पहुंचने को कहा गया है। लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.