कानपुर

Nagar Nikay Chunav 2017- टिकट के लिए यहां हो रही मारामारी

निकाय चुनाव का शंखनाद होने के बाद जिला कानपुर देहात में जैसे ही दावेदारों के चेहरे सामने आये तो सरगर्मी दिखने लगी थी|

कानपुरNov 01, 2017 / 05:44 pm

Abhishek Gupta

Akhilesh Modi Mayawati

कानपुर देहात. निकाय चुनाव का शंखनाद होने के बाद जिला कानपुर देहात में जैसे ही दावेदारों के चेहरे सामने आये तो सरगर्मी दिखने लगी थी| लेकिन इसके अगले पायदान पर ही टिकट के लिये जोर आजमाइश भी शुरू हो गयी| अपने-अपने अध्यक्ष उम्मीदवारों के लिये प्रबल समर्थक भी टिकट के लिये पूरी कोशिश में लग गये हैं, लेकिन देखा जाये तो नगर अध्यक्ष पद के लिये सत्ता पर काबिज भाजपा की टिकट के लिये जिले की 2 नगर पालिका सहित 7 नगर पंचायतों में होड़ मच गयी है| वहीं झींझक नगर पालिका में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के परिवारी जनों के मैदान में आने के बाद टिकट के लिये भाजपा से जिला पदाधिकारियों सहित दिग्गज नेताओं में भी ऊहापोह की स्थिति बताई जा रही है|
निकाय चुनाव में पहली बार जनपद की नगर निकाय में दलगत पार्टियों से टिकट देने की खबर के बाद भाजपा सहित सपा व बसपा पार्टियों के लिये भी टिकट की दावेदारी ठोंकी गयी है| जो कहीं न कहीं इस निकाय चुनाव को नया अयाम देंगे| कानपुर देहात की 9 निकायों में अध्यक्ष पद के लिये इस बार सर्वाधिक भाजपा से 68 लोगों ने आवेदन किया है, लेकिन वहीं सपा से 25 व बसपा से 28 लोगों ने आवेदन कर अपनी प्रबल दावेदारी प्रस्तुत की है| इस नगर पालिका परिषद के पहले चुनाव में राष्ट्रपति परिवार से दो नाम जुडने से यह सीट सबसे अधिक चर्चा में आ गयी है|
झींझक नगर पालिका सीट से भाजपा के 12 दावेदारों ने आवेदन किया है| वहीं भाजपा से पुखरायां नगर पालिका से 7, शिवली नगर पंचायत से 12, रूरा नगर पंचायत से 9, अकबरपुर से 7, सिकन्दरा नगर पंचायत से 9, रसूलाबाद से 7 तो डेरापुर से 3 उम्मीदवारों ने भाजपा से आवेदन सौंपा है और सबसे कम अमरौधा से महज दो दावेदारों ने आवेदन किया है| भाजपा के निकाय प्रभारियों प्राप्त आवेदनों को क्षेत्रीय संगठनों के पास भेज दिया है| जिसके बाद क्षेत्रीय संगठन ने 3-3 का पैनल बनाकर प्रदेश के पास स्वीकृति के लिये भेजा है| इसके साथ ही अन्य दलों मे समाजवादी पार्टी में झींझक नगर पालिका से 4, पुखरायां नगर पालिका से 2, अकबरपुर नगर पंचायत से 7, रूरा से 3, डेरापुर से 3, सिकन्दरा से 2, रसूलाबाद से 2 तथा शिवली व अमरौधा नगर पंचायत से एक-एक आवेदन किये गये है| वहीं बहुजन समाज पार्टी से झींझक से 11, पुखरायां से 1, अकबरपुर से 2, रूरा से 3, शिवली से 2, सिकन्दरा से 3, अमरौधा से 3 व रसूलाबाद से 3 आवेदन किये गये हैं, लेकिन डेरापुर से अभी तक कोई आवेदन बसपा से नहीं किया गया है| सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरसेन यादव ने कहा कि 2 नवम्बर तक निकायों के प्रत्याशियों की सूची जारी होने की सम्भावना है| वहीं बसपा जिलाध्यक्ष रामबाबू गौतम ने बताया कि जल्दी ही प्रदेश संगठन की सहमति के आधार पर निकाय प्रत्याशियों की सूची जारी की जायेगी|

Home / Kanpur / Nagar Nikay Chunav 2017- टिकट के लिए यहां हो रही मारामारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.