कानपुर

गन्ने के साथ सब्जियां उगाने से बढ़ेगी किसानों की आय

प्रयोगशालाओं में माइक्रोस्कोप स्लाइड छोड़कर खेतों में उतरेंगे छात्रनेट हाउस में सब्जियों की संरक्षित खेती करेंगे युवा कृषि वैज्ञानिक

कानपुरMar 13, 2019 / 12:09 pm

आलोक पाण्डेय

गन्ने के साथ सब्जियां उगाने से बढ़ेगी किसानों की आय

कानपुर। खेती के तरीके बदलकर कृषि को उद्यम बनाने की ओर सीएएस ने कदम बढ़ा दिए हैं। इसके लिए प्रशिक्षित युवा कृषि वैज्ञानिकों को प्रयोगशाला छोड़कर खेतों में उतरना होगा। खेती की नई तकनीक एक ओर किसानों की आय बढ़ाएगी तो दूसरी ओर जमीन की उर्वरक क्षमता में भी बढ़ोत्तरी करेगी, जिसका लाभ लंबे समय तक मिलेगा।
सीएसए में प्रशिक्षण शुरू
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सब्जियों की संरक्षित खेती को लेकर शुरू हुए प्रशिक्षण में एमएससी और पीएचडी के छात्रों को खेती की नई तकनीक समझाई गई। प्रथम सत्र में वैज्ञानिक डॉ. ब्रह्म सिंह ने छात्रों को प्रशिक्षण देते हुए बताया कि अब नौकरी देने वाले बनें। जलवायु परिवर्तन की चुनौती को स्वीकार करें।
गन्ने के साथ सब्जियों की खेती
सीएसए के प्रो. सुशील सोलोमन ने बताया कि गन्ने की खेती के साथ कम अवधि वाली सब्जियों की खेती करने से किसानों की आय बढ़ेगी, साथ ही खेतों की उर्वरक क्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि गन्ने की फसल लंबे समय की होती है, इस दौरान दूसरी फसल के लिए किसान को इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में गन्ने के साथ ही उसी खेत में सब्जियों को उगाकर किसान अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकता है। इससे मिट्टी और उपजाऊ होगी।
नेट हाउस में हर सीजन की सब्जियां उगाएं
संरक्षित खेती पर जोर देते हुए डॉ. ब्रह्म सिंह ने बताया कि पॉली हाउस, नेट हाउस ग्रीन हाउस आदि से हर सीजन की सब्जियों को उगाने का विकल्प रहता है। इससे सब्जियां सुरक्षित रहती हैं और उत्पादन में भी बढ़ोत्तरी होती है। नेट हाउस में गर्मियों के मौसम में सब्जियों को झुलसने से बचाया जा सकता है साथ ही सर्दियों में पैदा होने वाली सब्जियां भी उगाई जा सकती हैं। इससे घातक रसायनों से भी छुटकारा मिलेगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.