कानपुर

कानपुर में जीका पॉजिटिव महिला ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म, विशेषज्ञों ने बतायी ये बात

जुड़वां में एक बच्चा स्वस्थ बताया गया है। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बताई है, उसे नर्सिंग होम के आईसीयू में रखा गया है। बच्चे की धड़कन और सांस लेने में दिक्कत है। साथ ही लिवर भी प्रभावित है। विशेषज्ञ बच्चे की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

कानपुरNov 18, 2021 / 05:18 pm

Arvind Kumar Verma

कानपुर में जीका पॉजिटिव महिला ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म, विशेषज्ञों ने बतायी ये बात

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
कानपुर. जीका वायरस (Zika Virus) को लेकर जहां कानपुर में स्वास्थ विभाग अलर्ट है। वहीं कानपुर में जीका संक्रमित एक महिला (Zika Positive Pregnant Woman) के प्रसव का पहला मामला सामने आया है। महिला ने जुड़वा बच्चों (Twins Baby) को जन्म दिया है। जिसमें एक बच्चा स्वस्थ बताया गया, जो मां के पास है। वहीं दूसरे नवजात की हालत गंभीर बताई है, उसे नर्सिंग होम के आईसीयू में रखा गया है। बच्चे की धड़कन और सांस लेने में दिक्कत है। साथ ही लिवर भी प्रभावित है। विशेषज्ञ बच्चे की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। काजीखेड़ा निवासी भरत महतो की पत्नी प्रतिमा की आठ नवंबर को जीका संक्रमित रिपोर्ट आई थी। उस वक्त गर्भधारण का आखिरी सेमेस्टर था।
गीतानगर के नर्सिंग होम में गर्भवती हुई थी भर्ती

कानपुर के गीतानगर स्थित प्रावी वीमेंस एंड चाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर में प्रतिमा को भर्ती कराया गया था। भरत महतो के मुताबिक 12 नवंबर को डॉ. मोनिका सचदेवा ने ऑपरेशन से पत्नी का प्रसव कराया। जुड़वा बच्चों में एक ठीक है। मगर डॉक्टर ने दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बताई है। प्रतिमा को मंगलवार को अस्पताल से घर भेज दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जाकर उसका यूरीन सैंपल लिया है। प्रतिमा ने बताया कि जीका संक्रमित होने के बाद उसे कुछ समस्या नहीं हुई। वह बच्चे को लेकर परेशान हैं। पहले डॉक्टर बता रहे थे कि बच्चे ठीक हैं। आईसीयू में भर्ती नवजात की स्थिति जीएसवीएम मेडिकल कालेज के बालरोग विशेषज्ञों ने भी देखी।
विशेषज्ञों के मुताबिक जीका संबंधित समस्या नहीं

उनका कहना है कि बच्चे को माइक्रोसेफली या जीका से संबंधित कोई समस्या नहीं है। भरत महतो ने बताया कि शादी के आठ साल बाद पत्नी का यह पहला प्रसव है। उन्होंने बताया कि नर्सिंगहोम का खर्च अधिक है, इसलिए बच्चे का इलाज कराने में दिक्कत आ रही है। कानपुर में अभी तक मिले जीका संक्रमितों में नौ गर्भवती महिलाएं हैं। इनमें दो गर्भवती जीका निगेटिव हो चुकी हैं। एक महिला का प्रसव हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें छह महिलाओं की मॉनीटरिंग कर रही हैं। गर्भधारण के दौरान किसी गर्भवती को कोई दिक्कत रिपोर्ट नहीं की गई।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.