script

निविदा के पेंच में अटक रहा कॉज-वे पुल निर्माण, राशि स्वीकृत, फिर भी निर्माण नहीं शुरू

locationकरौलीPublished: Jul 28, 2018 06:10:15 pm

Submitted by:

Dinesh sharma

www.patrika.com/rajasthan-news/

karauli hindaun news

निविदा के पेंच में अटक रहा कॉज-वे पुल निर्माण, राशि स्वीकृत, फिर भी निर्माण नहीं शुरू

हिण्डौनसिटी. निसूरा क्षेत्र की लपावली की गम्भीर नदी पर स्वीकृत कॉज-वे पुल निर्माण कार्य के लिए सरकार ने भले ही राशि स्वीकृत कर दी, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों को इस बार भी नदी में पानी आने की स्थिति में मार्ग पर आवागमन बंद होने की चिंता सताने लगी है।
क्षेत्र वासियों की लम्बे समय से चली आ रही पुल निर्माण की मांग को लेकर दिसम्बर 2017 में केन्द्र सरकार ने गम्भीर नदी व भाया नाला पर कॉज-वे पुल निर्माण के लिए 892.37 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। पुल निर्माण की स्वीकृति को लेकर ग्रामीणों में खुशी थी। लेकिन अब सात माह बाद भी निर्माण कार्य शुरू नही होने से इस वर्ष भी नदी में पानी आने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
लपावली गांव स्थित गम्भीर नदी पर 200 मीटर लम्बे कॉज-वे पुल निर्माण के लिए 626.37 लाख रुपए, नांगलशेरपुर-महस्वा रोड स्थित भाया नाला पर 50 मीटर लंबे कॉज-वे पुल निमाण के लिए 85.18 लाख रुपए एंव पहाड़ी-नांगल मार्ग स्थित भाया नाले पर 100 मीटर लंबे कॉज-वे पुल निर्माण के लिए 180.82 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे। राशि स्वीकृत होने पर लोगों को उम्मीद बंधी थी कि जल्द ही कॉज वे का निर्माण हो सकेगा और प्रतिवर्ष बारिश में पानी से होने वाली समस्या से निजात मिल सकेगी।
नदी में पानी आने पर बंद हो जाता है मार्ग
पांचना बांध से गंभीर नदी में पानी छोडऩे पर सडक़ मार्ग बंद हो जाता है। पुल के अभाव में गंभीर नदी से जुड़े गांव लपावली, श्रीमहावीरजी, मेहंदीपुर बालाजी, नांगलशेरपुर, पहाड़ी, बदलेटा, मोरड़ा, पेंचला, घाटरा, बरेड़ी, मूंडिया, सलेपुरा, मजीपुरा, पाटकटारा, जयसिंहपुरा, देवलेन, नयागांव, तिघरिया, भादौली, कंजोली, गाजीपुर, ताजपूर, भोपुर, निसूरा सहित 400 गांव के लोगों का आवागमन बंद हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को 70 किमी का फेर लगाकर हिण्डौन या श्रीमहावीरजी होकर निकलना पड़ता है।
निविदा खुलने पर शुरू होगा कार्य
सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भवानी मीना ने बताया कि गम्भीर नदी पर कॉज-वे पुल निर्माण की निविदा जारी की गई, जिसमें एक संवेदक ने ही आवेदन किया था। इस कारण निविदा निरस्त कर दी गई। अब पुन: निविदा जारी की गई है। निविदा खुलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

ट्रेंडिंग वीडियो