script

राजस्थान के इस शहर में बिजली का बकाया बिल वसूलने विद्युतकर्मी ला रहे है बंदूकधारी

locationकरौलीPublished: Mar 15, 2019 11:14:24 pm

Submitted by:

Anil dattatrey

विद्युत निगम का बकाया वसूली अभियान, बकायादारों के विरोध की आशंका में लगाए गनमैन

hindaun karauli news

राजस्थान के इस शहर में बिजली का बकाया बिल वसूलने विद्युतकर्मी ला रहे बंदूकधारी

हिण्डौनसिटी. विद्युत उपभोग के करोड़ों रुपए की बकाया वसूली के लिए बिजली महकमे को 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक राजस्व अर्जित करने के लिए बंदूक का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि अभियंताओं से लेकर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी तक बंदूकधारी सुरक्षा गार्डों के साथ शहर की कॉलोनियों से लेकर गांव की गलियों के चक्कर काट कर विद्युत बिल की बकाया राशि वसूली में जुटे हैं। दरअसल वसूली नहीं होने पर निगम द्वारा बकायादारों के खिलाफ कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में लोगों के विरोध से बचने के लिए निगम ने अपने दस्ते में बंदूक धारी सुरक्षा गार्डों को शामिल किया गया है।

निगम सूत्रों के अनुसार जिले में घरेलू, कृषि, सरकारी, व्यवसायिक उपभोक्ताओं पर विद्युत उपभोग की करीब 217 करोड़ रुपए से अधिक की बिल राशि बकाया है। जिसमें 96 हजार 382 घरेलू उपभोक्ताओं पर 10459.1 लाख, 3343 व्यवसायिक उपभोक्ताओं पर 945.3 लाख, 20552 कृषि उपभोक्ताओं पर 3464.9 लाख, नगर परिषद पर रोडलाइटों के 121 कनेक्शनों पर 824.4 लाख रुपए समेत विभिन्न प्रकार के उपभोक्ताओं पर करोडों रुपए की राशि बकाया चल रही है।

यह है बकाया और वसूली की स्थिति-
सूत्रों के अनुसार 10 फरवरी से शुरु हुए अभियान में हिण्डौन खण्ड क्षेत्र के हिण्डौन शहर, हिण्डौन ग्रामीण, टोडाभीम व नादौती क्षेत्र में अब तक लगभग 180 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है। जबकि करीब 24 करोड़ रुपए अभी भी बकाया चल रहा है। विशेष बात यह है कि 18 करोड़ रुपए तो सरकारी महकमों पर ही बकाया चल रहे हैं। इनमें जनता जल योजना के उपयोग के करीब 10 करोड़ रुपए हिण्डौन, टोडाभीम व नादौती पंचायत समिति प्रशासन पर बकाया है।

हिण्डौन में यह हालात-
हिण्डौन शहरी क्षेत्र में 19 हजार 700 उपभोक्ता है। इनमें से करीब 2500 उपभोक्ताओं पर 95 लाख रुपए की बकाया चल रही है। जबकि ग्रामीणा क्षेत्र में लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं पर निगम का करीब 15 करोड़ रुपए बकाया चल रहा है। हालांकि 10 फरवरी से शुरू हुए अभियान में निगम ने अब तक तीन करोड़ रुपए की वसूली की है। साथ ही बकाया जमा नहीं होने पर 150 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन पर कैंची चलाई जा चुकी है।

सुरक्षा गार्डों से मिल रही है मदद-
वसूली के दौरान निगम के दस्ते में बंदूकधारी सुरक्षा गार्डों को शामिल करने के पीछे लोगों के विरोध से बचना है। दो दिन पूर्व ही दस्तों में सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी लगाई हैं। वसूली में मदद मिल रही हे। अब तक 86 प्रतिशत वसूली हो चुकी है।
-रूपसिंह गुर्जर अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम खंड- हिण्डौनसिटी

ट्रेंडिंग वीडियो