scriptसमस्याएं सुलझी ना विकास को लगे पंख | Los problemas no se resuelven. | Patrika News

समस्याएं सुलझी ना विकास को लगे पंख

locationकरौलीPublished: Nov 28, 2018 11:13:34 am

Submitted by:

Dinesh sharma

www.patrika.com

karauli hindi news

समस्याएं सुलझी ना विकास को लगे पंख

करौली. राजस्थान पत्रिका की ओर से प्रदेश में निकाली जा रही जागो जनमत यात्रा मंगलवार को तीसरे पहर करौली मुख्यालय पहुंची। इस मौके पर गुलाब बाग में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मत के महत्व पर चर्चा करते हुए आवश्यक रूप से मतदान करने पर जोर दिया। कहा कि लोकतंत्र में वोट की सबसे ज्यादा कीमत है।
ऐसे में मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर किया जाना चाहिए। लोगों ने पत्रिका की जागो जनमत यात्रा को मतदाता जागरूकता के लिए अच्छी पहल बताते हुए कहा कि अभियान मतदान बढ़ाने में फायदेमंद है। लोग एक स्वर में बोले कि जो हमारी समस्याओं और विकास के मामले में सुनवाई करेगा, उसे ही वोट दिया जाएगा। इस मौके लोगों ने क्षेत्र का विकास नहीं होने और समस्याओं का अंबार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में झूंठे वादे कर वोट बटोरे जाते हैं, लेकिन बाद में समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।
लोगों का कहना था कि नेताओं से वादों का शपथ पत्र भरवाना चाहिए। लोगों ने प्रमुख रूप से करौली मेें रेल के बंद हुए कार्य को लेकर गहरी नाराजगी जताई। बोले कि रेल करौलीवासियों का दशकों का सपना है, जो अधूरा है।
यह ज्वलंत मुद्दा है। जो कार्य शुरू हुआ वो भी रूक गया। इससे करौली का विकास थम है। लोग बोले कि जो विकास कार्य स्वीकृत हुए उनको रुकवा देना, यह कौनसा विकास है। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव में जो नेता वोट मांगने आए, उनसे पूछा जाए कि क्या वो रेल का कार्य शुरू कराएंगे।
इसी क्रम में करौली में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार और मेडिकल कॉलेज की मांग उठाते हुए करौली के स्वीकृत इंजीनियरिंग कॉलेज व पॉलीटेक्रिक कॉलेज के अलवर-भरतपुर में संचालित होने पर लोगों ने नाराजगी जताई।
मासलपुर को उपखण्ड का दर्जा देने की मांग की अनदेखी पर भी रोष जताया। जिला मुख्यालय पर ही पानी, बिजली की समस्याओं के समाधान नहीं होने पर लोगों ने अचरज जताया। कुछ ने स्वच्छता मिशन की उपलब्धियों पर सवाल उठाए।
कहा कि ओडीएफ दबावपूर्ण तरीके से किया। लोगों का कहना था कि यहां पर विकास की अपार संभावनाएं है, लेकिन राजनीतिक पार्टियों की इच्छा शक्ति मरी हुई है। करौली में खेल संकुल, रोडवेज डिपो, मासलपुर में स्टोन मार्ट का कार्य बंद है।
समस्याओं की चर्चा में शहर की सड़क, सार्वजनिक रोशनी व्यवस्था, करौली में उद्योग की कमी को भी उठाया गया।इस मौके पर रेल विकास समिति के सचिव वेणुगोपाल शर्मा, मोतीलाल भूसावरिया, कृष्णचन्द्र चतुर्वेदी, गोविन्द सर्राफ, ओमप्रकाश गोयनका, मुकेश शर्मा, भूपराम शर्मा, पार्षद अर्चना सेठी, पूर्व पार्षद शिवकुमार शर्मा, अशोक जैन, सुमित गर्ग, योग शिक्षक विनोद गुर्जर, पूरणप्रताप चतुर्वेदी, दिनेश सेठी, नरेन्द्र बैंसला, इकबाल खान, प्रशांत सारास्वत, अनिल शर्मा मेडिकल, द्वारिका गुप्ता, खेमराज बंसल, प्रेमसिंह माली आदि मौजूद थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो