करौली

यहां मौसम का फिर बिगड़ा मिजाज, तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश, कई जगह उड़े टीन-टप्पर

मकान से गिरी ईटों के बाद बक्सा, पलंग, टीवी आदि टूट गए खाने-पीने की सामग्री, कपड़े खराब हो गए…

करौलीFeb 06, 2019 / 11:47 am

dinesh

करौली।

करौली जिला मुख्यालय सहित इलाके में मंगलवार रात एक बार फिर मौसम ने पलटा खाया। रात करीब 12:30 बजे मौसम का मिजाज अचानक बिगडऩे के बाद बारिश हुई। करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश से जगह जगह पानी भर गया। वहीं अंधड़ के कारण कई जगह टीन टप्पर उड़ गए। इससे लोगों को नुकसान झेलना पड़ा। इस दौरान करौली शहर के राजपूत कॉलोनी अरावली नगर निवासी पूर्व फौजी रामबाबू सिंह जादौन के मकान के लोहे के टीन टप्पर उड़ गए। वहीं मकान से गिरी ईटों के बाद बक्सा, पलंग, टीवी आदि टूट गए खाने-पीने की सामग्री, कपड़े खराब हो गए। कॉलोनी के लोगों ने आंधी के बाद हुए नुकसान जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
 

अगले 48 घंटे में शीतलहर के साथ बारिश व ओलावृष्टि
आगामी दिनों में फिर से सर्दी का पलटवार होने का अंदेशा मौसम केंद्र ने जताया है। विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में सक्रिय चक्रवाती तंत्र के असर से अगले 48 घंटे में शीतलहर के साथ बारिश व ओलावृष्टि होने का अनुमान है। ऐसे में अंतिम दौर में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का सामना प्रदेशवासियों को करना पड़ सकता है।
 

प्रदेश में बीते चौबीस घंटे में कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही। बादल छाए रहने पर मेघगर्जन के साथ बौछारें गिरने का अंदेशा बना रहा। हालांकि रात व दिन के तापमान में हुई बढ़ोतरी ने सर्दी से आंशिक राहत दिलाई।
 

आज सुबह राजधानी में सूर्योदय से पहले हल्का कोहरा छाया रहा। शहर के बाहरी इलाकों में भी कोहरे का असर दिखाई दिया। वहीं आज सुबह छह बजे शहर का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। प्रदेश में बीते चौबीस घंटे में अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में आज बादल छाए रहने व कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.