script

करौली-धौलपुर संसदीय क्षेत्र में यह बूथ ऐसे, जहां 10 वोट भी नहीं मिले

locationकरौलीPublished: May 25, 2019 06:26:23 pm

Submitted by:

Dinesh sharma

www.patrika.com

#Lok sabha election 2019

करौली-धौलपुर संसदीय क्षेत्र में यह बूथ ऐसे, जहां 10 वोट भी नहीं मिले

करौली. संसदीय चुनाव में मनोज राजौरिया सांसद तो निर्वाचित हुए लेकिन करौली जिले में कुछ बूथ ऐसे रहे जहां उनको 10 मत भी नहीं मिल सके। ऐसे बूथ कांग्रेस प्रत्याशी संजय जाटव के भी हैं लेकिन ऐसी स्थिति भाजपा प्रत्याशी के साथ अधिक रही है। बूथ वार आंकड़ों के अनुसार करौली में ढोलीखार के बूथ 121 तथा 122 पर भाजपा प्रत्याशी को मात्र 5 मत मिल सके।
करौली में मौलाना आजाद स्कूल के बूथ नम्बर 120 और कुतकपुर के बूथ 50 पर यह संख्या 7-7 मतों की रही। दांतकापुर के बूथ संख्या 45 पर केवल 9 मत भाजपा के खाते में आए। इनमें बूथ 50 पर कांग्रेस प्रत्याशी ने 373 मत हासिल किए। इससे ज्यादा आंकड़ा बूथ 45 पर सामने आया जहां भाजपा के 9 मतों के मुकाबले कांग्रेस को 628 मत प्राप्त हुए। इसके विपरीत करौली विधानसभा में कीरतपुरा गांव के बूथ संख्या 102 पर कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 5 मत ही मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी ने यहां 695 मत प्राप्त किए।
मोहनपुर गांव के बूथ संख्या 97 पर भी कमोवेश ऐसी स्थिति रही, यहां कांग्रेस के लिए 9 मत मिल सके जबकि भाजपा को 397 मत प्राप्त हुए। सपोटरा में ऐसा कोई बूथ सामने नहीं आया जहां कांग्रेस-भाजपा को 10 से कम वोट मिले हों। टोडाभीम क्षेत्र में धौलादाता के बूथ 215 पर कांग्रेस की झोली में मात्र 3 मत आए जबकि यहां भाजपा को 54 मत मिले।
यहां कुल 57 ने मतदान किया। हिण्डौनसिटी क्षेत्र में निसूरियान का पुरा में बूथ संख्या 253 पर भाजपा को 8 वोट हासिल हुए जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने 427 मत प्राप्त किए। बूथ संख्या 66 पर भी कमोबेश यही स्थिति रही, जहां कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा को काफी पीछे छोड़ा।
यहां भाजपा को 8 मत से संतोष करना पड़ा तो कांग्रेस के खाते में 453 मत आए। रेवई के बूथ संख्या पांच पर कांग्रेस प्रत्याशी बुरी तरह पिछड़े और महज 5 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी को यहां काफी बढ़त मिली और 615 मत प्राप्त हुए।
नेताओं के बूथों पर यह रहा हाल
करौली. जिले में सपोटरा तथा टोडाभीम के विधायकों के बूथों पर से तो कांग्रेस प्रत्याशी संजय जाटव को मतों की बढ़त मिल गई लेकिन हिण्डौन विधायक भरोसी जाटव के खुद के मतदान केन्द्र पर कांग्रेस प्रत्याशी पीछे रहा। यही स्थिति हिण्डौन में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मामू के बूथ पर भी रही। इन दोनों के बूथ शहर में होने से यहां भाजपा प्रत्याशी बढ़त में रहे।
हिण्डौन विधायक भरोसी के वर्धमान नगर में बूथ संख्या 156 पर कांग्रेस उम्मीदवार को 194 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी यहां पर 553 मत पाने में सफल रहे। इसी प्रकार मंडी स्कूल में चार मतदान केन्द्र हैं। इनमें से एक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मामू का भी है। इन चारों पर कांग्रेस पीछे रही। सपोटरा विधायक तथा मंत्री रमेश मीणा के मंडरायल इलाके में नया गांव केन्द्र तथा टोडाभीम विधायक पीआर मीणा के बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे रहा।

ट्रेंडिंग वीडियो