scriptकासगंज हिंसा की आग पहुंची नदरई कस्बा, पुलिस चौकी के सामने वाहन फूंके | kasganj violence update news in hindi | Patrika News

कासगंज हिंसा की आग पहुंची नदरई कस्बा, पुलिस चौकी के सामने वाहन फूंके

locationकासगंजPublished: Jan 27, 2018 08:29:44 pm

कासगंज में तिरंगा यात्रा के दौरान भड़की हिंसा की आग अब बढ़ती ही जा रही है।

कासगंज हिंसा
कासगंज। यूपी के कासगंज में तिरंगा यात्रा के दौरान भड़की हिंसा की आग अब बढ़ती जा रही है। सुरक्षाबलों की मौजूदगी में भी आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं। बेकाबू उपद्रवियों ने शनिवार शाम को कासगंज शहर के 10 किमी दूर नदरई कस्बे में जमकर बवाल किया। यहां पुलिस चौकी के बाहर खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने सीमाओं कासगंज के लिए आने-जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
 

पुलिस चौकी के सामने वाहन फूंके
कासगंज में हिंसा के बाद बिगड़ते हालातों को संभालने के लिए एडीजी लॉ एंड आर्डर अजय आनंद, कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा और आईजी संजीव गुप्ता सुबह से ही शहर में डेरा जमाए हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा बल के साथ गश्त की। इसके बावजूद दोपहर को उपद्रवियों ने कई वाहनों और दुकानों में आग लगा दी। शाम तक हालात सामान्य होते दिख रहे थे, लेकिन नदरई पुलिस चौकी के बाहर उपद्रवियों ने कई वाहनों को फूंक दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ डीएम और एसपी मौके पर रवाना हो गए। फिलहाल जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
 

कैसे भड़की हिंसा की आग
बता दें कि गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच बवाल हो गया था। जिसमें चंदन नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। जबकि कई लोग घायल हुए। इस घटना के बाद शहर में तनाव फैल गया। जगह जगह तोड़फोड़ और आगजनी हुई। शनिवार को मृतक चंदन के अंतिम संस्कार के बाद उपद्रवियों ने वाहनों और दुकानों में आगजनी की। हालात पर काबू पाने के लिए आला अधिकारी शहर में डेरा जमा हुए हैं।
चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात
एडीजी अजय आनंद ने बताया कि हालात को देखते हुए शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब तक 39 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि शहर में जहां जहां जरूरत थी, वहां पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा बल के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो