भव्य शपथ ग्रहण समारोह में होगी नव निवार्चित पालिका अध्यक्ष की ताजपोशी
एसडीएम सदर देवेन्द्र प्रताप नव निवार्चित पालिका अध्यक्ष को दिलाएंग शपथ

कासगंज। नव निवार्चित नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू व सभासदों को मंगलवार को पद की शपथ दिलाई जाएगी। उपजिलाधिकारी सदर देवेन्द्र प्रताप सिंह नदरई गेट स्थित पुरानी सब्जी मंडी के मैदान में बने विशाल पंडाल में नगर पालिका अध्यक्ष को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद पालिका अध्यक्ष रजनी साहू नवनियुक्त सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। नगर की जनता सार्वजानिक घोषणा के तहत शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इन चुनौतियों का करना पड़ेगा सामना
नगर पालिका अध्यक्ष पद पर रजनी साहू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप चुनाव लड़ा था। शहर की जनता ने उनको विश्वासमत दिया है। अब नव निवार्चित नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू के सामने तमाम चुनौतियां होगी। जिसमें जनता का विश्वास बनाए रखना उनके समक्ष सबसे बड़ी चुनौती होगा। वहीं रजनी साहू के लिए सभासदों को अपने पक्ष में बनाए रखना भी चुनौती से कम नहीं होगा।
समस्याओं से जूझ रहा है शहर
वर्तमान में देखा जाए तो कासगंज शहर में सफाई व जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। जिससे शहर में गंदगी का अंबार लगा रहता है। वहीं नगर में जनसुविधाओं का भी अभाव है। सुलभ शौचालय न होने से नगर में आने वाली जनता को खुले मैदानों का सहारा लेना पड़ता है। इससे गंदगी तो फैलती ही है, साथ ही संक्रामक रोग फैलने का भी भय बना रहता है।
अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या
शहर को अतिमक्रमण मुक्त करना भी नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू के लिए चुनौती से कम नहीं होगा। अतिक्रमण के चलते जनता को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ता है। वर्तमान में अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या है। वहीं नगर की कुछ आवासीय कालोनी जलभराव की समस्या से भी ग्रस्त हैं। बारिश में ये समस्या और विकराल हो जाती है। अब देखना ये होगा है कि नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती हैं।
अब पाइए अपने शहर ( Kasganj News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज