धान खरीदी समाप्त होने के डेढ़ माह बाद भी 24 किसानों को 52 लाख रुपये का भुगतान नहीं
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद किसानों को समय पर भुगतान में सामने आई बड़ी लापरवाही.

कटनी. समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद किसानों को समय पर भुगतान में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। कटनी जिले में खरीदी समाप्त होने के डेढ़ माह बाद भी कई किसानों को राशि प्राप्त नहीं हुई है। किसान धान बेचने के बाद भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। बतादें कि जिले में धान खरीदी 16 जनवरी को समाप्त हो गई थी। खरीदी समाप्त होने के डेढ़ माह बाद भी 24 से ज्यादा किसानों को 52 लाख रुपये का भुगतान अब तक नहीं हुआ है।
इस संबंध में जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक अरविंद पाठक बताते हैं कि पूर्व में कुछ किसानों के खाते में त्रुटि थी, जिसे सुधार दिया गया है। राशि का भुगतान नागरिक आपूर्ति निगम को करनी है।
वहीं नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी प्रबंधक पीयूष माली बताते हैं कि जिन किसानों का भुगतान रूका है उनके खाते में अब भोपाल से राशि ट्रांसफर होगी। इस संबंध में भोपाल जानकारी दी गई है।
इस साल कटनी जिले में धान खरीदी पर एक नजर
- 41 हजार 998 किसानों ने बेची धान।
- 3 लाख 29 हजार 219 मिट्रिक टन धान की हुई खरीदी।
- 49 हजार 937 किसानों ने धान बेचने करवाया था पंजीयन।
- 102 धान खरीदी केंद्र समर्थन मूल्य 1868 प्रति क्विंटल।
- 61 खरीदी केंद्र रहा बीते वर्ष, समर्थन मूल्य 1815 रुपये प्रति क्विंटल।
- 615 करोड़ रूपये का किसानों को होना था भुगतान।
अब पाइए अपने शहर ( Katni News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज