scriptCRIME. जंगल में मिला महिला का शव, जानवरों ने खा लिए कई अंग | A woman's body was found in naked condition | Patrika News
कटनी

CRIME. जंगल में मिला महिला का शव, जानवरों ने खा लिए कई अंग

दुष्कर्म कर हत्या की आशंका… समीप ही पड़ा मिला चाकू, पानी की बोतल और झुमके भी बरामद

कटनीFeb 14, 2018 / 12:19 am

sudhir shrivas

दुष्कर्म कर हत्या की आशंका

झुमके भी बरामद

कटनी। बहोरीबंद थाना की बाकल चौकी अंतर्गत रक्तेहा के जंगल में मंगलवार दोपहर महिला का बगैर कपड़ों के शव पाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। महिला की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बाकल-सगौनी मार्ग पर स्थित रक्तेहा जंगल में बीट गार्ड राजेन्द्र सिंह पहुंचे थे, तो उन्हें महिला का क्षत-विक्षत शव यहां दिखाई पड़ा। यह स्थान मुख्य मार्ग से करीब 300 मीटर अंदर स्थित था। सूचना मिलने पर एसडीओपी कमला जोशी, थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर सहित स्टॉफ मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी बारस्कर ने बताया कि महिला के सिर, हाथ और पैर का हिस्सा जानवरों ने खा लिया है, जिसके कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है। शव 3-4 दिन पुराना लग रहा है। संभवत: महिला की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है।

झुमके और पानी की बोतल मिली
महिला के शव के समीप ही पुलिस ने एक पुराना चाकू, कान के झुमके और एक पानी की बोतल बरामद की है। महिला की चप्पलें भी कुछ ही दूरी पर पाई गई हैं। आमतौर पर यहां सिर्फ लकड़ी काटने के लिए ग्रामीण महिलाएं ही पहुंचती हैं।

इनका कहना है
अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। स्थानीय स्तर पर व आसपास के थानों में गुमइंसानों की जानकारी ली जा रही है। – कमला जोशी, एसडीओपी

इधर अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत
बहोरीबंद थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कुआं के समीप जंगल के पास सिहोरा से बहोरीबंद मार्ग में मंगलवार रात करीब 8 बजे अज्ञात वाहन ने युवक को ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर 108 व डॉयल 100 मौके पर पहुंची। बहोरीबंद पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे लहुलुहान शव पाया गया है। मृतक की शिनाख्त पिपरिया निवासी जम्मू कोल उम्र 50 वर्ष के रूप में की गई है। संभवत: अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत हुई है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो