कटनीPublished: Mar 20, 2019 09:53:37 am
raghavendra chaturvedi
लोकसभा चुनाव में युवा वोटर पर प्रमुख पार्टियों की नजर, कुल मतदाता में आधे से ज्यादा युवा वोटर
Lok Sabha Elections 2019
कटनी. लोकसभा चुनाव में युवा वोटर को लुभाने भाजपा और कांगे्रस दोनों ही प्रमुख पार्टियां मैदान में उतर चुकी हैं। भाजपा का युवा विंग स्पेशल 11 के सहारे बूथ मजबूत करने की तैयारी में है। इधर युवक कांग्रेस वार्ड से लेकर गांव तक युवाओं की चौपाल लगाकर पार्टी की रीति नीति से अवगत करा रही है। जिले के चारों विधानसभा में 9 लाख 25 हजार 24 वोटर में 18 से 39 साल के युवा वोटरों की संख्या 5 लाख 39 हजार 991 है। इसमें तीन विधानसभा मुड़वारा, विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद क्षेत्र खजुराहो लोकसभा है, बड़वारा विधानसभा शहडोल लोकसभा में शामिल है। चारों विधानसभा में कुल मतदाताओं में आधे से अधिक वोटर युवा है। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस के साथ ही दूसरे दल भी युवाओं को साधने की तैयारी में हैं।
कटनी जिले के चारों विधानसभा में 18-19 साल के नए वोटर 36 हजार 386 वोटर, 20-29 साल के 2 लाख 55 हजार 676 और 30-39 साल के युवा वोटर 2 लाख 47 हजार 929 वोटर हैं।
भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को फोकस कर कई अभियान चला रही है। इसमें प्रत्येक बूथ में 11-11 कार्यकर्ताओं की टीम गठित की गई है। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मृदुल द्विवेदी ने बताया कि स्पेशल 11 के साथ बूथ मजबूत करने के साथ ही सोशल मीडिया पर मैं हूं चौकीदार से लेकर दूसरे अभियान चलाकर युवाओं को जोड़ रहे हैं।
युवक कांग्रेस युवाओं पर फोकस कर कई अभियान चला रही है। इसमें विशेष तौर पर वार्ड चलो पंचायत चलो अभियान महत्वपूर्ण है। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनु दीक्षित ने बताया कि वार्ड और पंचायत में युवाओं की चौपाल लगाकर पार्टी की रीति नीति से जोडऩे के साथ ही प्रतिद्वदी की कमियां बताई जा रही है। इसके साथ ही एप में युवाओं की जानकारी अपडेट की जा रही है। इसके बाद पार्टी के सोशल विंग सीधे युवाओं से संपर्क करता है।