script

लाडली बहना योजना: 20 हजार महिलाओं के खाते में नहीं डीबीटी सुविधा

locationकटनीPublished: Jun 04, 2023 06:15:45 pm

Submitted by:

balmeek pandey

144 महिलाओं को किया गया अपात्र, 2 लाख 40 हजार 354 को मिलेगा योजना का लाभशनिवार-रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक, गर्मी में परेशान हो रही महिलाएं

लाडली बहना योजना: 20 हजार महिलाओं के खाते में नहीं डीबीटी सुविधा

लाडली बहना योजना: 20 हजार महिलाओं के खाते में नहीं डीबीटी सुविधा

कटनी. लाड़ली बहना योजना को लेकर महिलाओं की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहले फॉर्म भरने और दस्तावेज दुरुस्त कराने हजारों महिलाएं परेशान हुईं तो वहीं अब 20 हजार से अधिक महिलाओं के खाते में डीबीटी नहीं है, जिससे उनको बैंकों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। प्रशासन ने तीन दिवस में डीबीटी कराने का लक्ष्य तय किया है, जिसके अनुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अकेले शुक्रवार को तीन हजार से अधिक डीबीटी कराई गई हैं। शनिवार को भी प्रक्रिया जारी रही। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली बहना योजना के तहत एक हजार रुपए प्रतिमाह प्राप्त करने के लिए 2 लाख 40 हजार 501 महिलाओं ने आवदेन भरे थे। इसमें 5129 आपत्तियां आईं। 208 स्थानीय स्तर की आपत्तियां रहीं जबकि 4921 से शासन स्तर से आपत्तियां आई हैं। आधार से फोटो मिसमैच होने, आय से अधिक संपत्ति होने आदि पर 147 रिजेक्ट फार्म रिजेक्ट हुए हैं। वहीं कुछ लोगों ने स्वयं भी यह लिखकर दे दिया है कि योजना के तहत अपात्र हैं। ग्राम सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व रोजगार सहायक ने सत्यापन के बाद स्थिति स्पष्ट हुई है।
जानकारी के अनुसार 2 लाख 17 हजार 177 की डीबीटी प्रक्रिया पूरी हो पाई है, जबकि इस योजना के तहत 2 लाख 40 हजार 354 पात्र महिलाएं हैं। महिलाओं की समस्या के निराकरण के लिए रविवार को भी बैंकों में डीबीडी प्रक्रिया कराई जाएगी। 103 ब्रांचों में नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। शुक्रवार को साढ़े तीन हजार डीबीटी हुई हैं। तेज गर्मी व उमस के बीच महिलाएं डीबीटी कराने पहुंच रही हैं, वहीं बैंकों द्वारा भी आनाकानी की जा रही है। नयन सिंह ने बताया कि पात्र महिला हितग्राहियों को उनके खातों में एक हजार रुपए की राशि 10 जून से प्रतिमाह दी जानी है। इसके लिए योजना की पात्र हितग्राही महिलाओं के खातों में बैंक के स्तर पर डीबीटी एवं आधार लिंक करना आवश्यक है।

कलेक्टर ने किया निरीक्षण
कलेक्टर अवि प्रसाद ने यूनियन बैंक माधव नगर शाखा एवं कुठला स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा का औचक निरीक्षण किया। बैंक शाखा द्वारा किए जा रहे डीबीटी कार्य को देखा। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे, उपायुक्त पवन अहिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी हितग्राही गुड्डी बाई द्वारा विगत 3 माह से खाता न खुलने की जानकारी दी। अमीरगंज निवासी चंदा यादव द्वारा डीबीटी की कार्यवाही पूर्ण होने की जानकारी दी गई। गायत्री तिवारी द्वारा आधार कार्ड संबंधी त्रुटि के सुधार के लिए अवगत कराने पर आधार कार्ड में सुधार कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

…इधर आयुक्त ने बैठक लेकर दिए निर्देश
नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत नगरीय सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जिन महिला हितग्राहियों की लंबित डीबीटी प्रक्रिया प्रतिवेदन की कार्रवाई अभी तक पूर्ण नहीं हुइ, उक्त कार्रवाई को तत्काल पूर्ण कराने कहा। बैंक प्रबंधन के साथ मिलकर वार्ड दरोगा सहित जिम्मेदार कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए। तय समय सीमा में कार्य को पूर्ण करने के आदेश दिए। इस दौरान रवि शंकर पांडे, मुकेश राजपूत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

वर्जन
डीबीटी कराने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। हर दिन तीन से चार हजार डीबीटी कराए जा रहे हैं। रविवार को भी बैंकों में डीबीटी होगी। 10 जून के पहले यह प्रक्रिया अपनाना है, ताकि सभी पात्र महिलाओं को समय पर लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल सके।
अवि प्रसाद, कलेक्टर।

ट्रेंडिंग वीडियो