scriptपेयजल संकट गंभीर, आला अधिकारी चिंतित | Drinking water crisis serious in Katni | Patrika News

पेयजल संकट गंभीर, आला अधिकारी चिंतित

locationकटनीPublished: Jun 04, 2021 04:45:02 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम व अन्य अफसरों संग किया जल स्त्रोतों का निरीक्षण

पेयजल संकट दूर करने को जल स्त्रोतों का निरीक्षण

पेयजल संकट दूर करने को जल स्त्रोतों का निरीक्षण

कटनी. जिले में पेयजल संकट गहराने लगा है। अगर जल्द कोई उपाय न किया गया तो संकट और गंभीर हो सकता है। पेयजल संकट को लेकर जिले के आला अफसर भी चिंतित हैं। ऐसे में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आयुक्त नगर निगम सत्येंद्र सिंह धाकरे व जलप्रदाय विभाग के अधिकारियो संग विभिन्न जल स्त्रोंतों का निरीक्षण कर वास्तविकता जानी।
कलेकटर ने निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों से बैराज में पानी स्टोरेज की कुल क्षमता तथा वर्तमान जलस्तर तथा विगत वर्ष के जलस्तर की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि विगत वर्ष अल्प वर्षा होने के कारण बैराज ठीक तरह से नहीं भर पाया था। हालांकि वर्तमान में बैराज से आगामी 15 जून तक नगर की जलापूर्ति की जा सकती है।
नगर के 70 प्रतिशत स्थलों पर बैराज के माध्यम से व 30 प्रतिशत स्थलों पर ट्यूबवेल व अन्य माध्यमों से जलापूर्ति की जा रही है। इस दौरान नगर की सुचारू पेयजल व्यवस्था को देखते हुए बरगी दाईं तट नहर से पानी लाने के प्रोजेक्ट पर भी चर्चा हुई। नगर के अन्य जल स्रोतों को सिंचित कर उनसे भी जलापूर्ति कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए गए।
कटाए घाट एनीकट निरीक्षण के दौरान कलेक्टर व नगर निगम प्रशासक प्रियंक मिश्रा ने जल स्टोरेज की क्षमता में वृद्धि करने के लिए एनीकट डाउनस्ट्रीम में लगभग 300 मीटर की दूरी पर नवीन स्टॉप डेम बनाकर पानी स्टोरेज क्षमता को बढ़ाने व स्थल पर सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अमीरगंज स्थित तालाब का भी विजिट किया। इस दौरान उन्होंने तालाब के चारों और पौधरोपण कराने व तालाब से मिलने वाले पानी की स्वच्छता के लिए फिल्टर व अन्य आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने अमकुही स्थित बैराज व कटाए घाट स्थित एनीकट का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जलप्रदाय विभाग के कार्यपालन यंत्री शैलेश जायसवाल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

ट्रेंडिंग वीडियो