scriptकैसे मान लें कोरोना है कम | How to say corona is low | Patrika News

कैसे मान लें कोरोना है कम

locationकटनीPublished: Jun 04, 2020 09:47:21 pm

कटनी में सैंपलिंग न के बराबर

coronavirus

coronavirus

कटनी. कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जरूरी सैंपलिंग में समय के साथ बढ़ोतरी नहीं होने के बाद अब जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिक सीधे तौर पर कह रहे हैं कि कैसे मान लें कि जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या कम है।
कटनी जिले में अब तक महज 151 लोगों के नूमने ही लिया गया है। दूसरी पड़ोसी जिलों की बात करें तो उमरिया और पन्ना जैसे जिलों में सैंपलिंग की संख्या क्रमश: 548 और 494 तक पहुंच गई है। पड़ोस का ही जिला जबलपुर रेड जोन में है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में परोक्ष-अपरोक्ष रूप से लोगों की आवाजाही जारी है। इसके बाद भी जिले में सैंपलिंग की संख्या नहीं बढ़ रही है।
बात सैंपलिंग की करें तो जबलपुर जिले में एक जून की स्थिति में 6834 सैंपलिंग में 250 पॉजिटिव मरीज मिले। सतना में 1087 में 21 पॉजिटिव, पन्ना में 494 में 19, उमरिया में 538 में 7 और कटनी में 151 सैंपलिंग ही की गई। इसमें पॉजिटिव मरीज एक ही मिला।
सीएमएचओ डॉ. एसके निगम बताते हैं कि कोरोना में सैंपलिंग बढ़ाने की तैयारी चल रही है। जिले की सभी पीएससी और सीएससी को तैयार किया जा रहा है। जल्द ही संख्या बढ़ेगी।

बेपरवाही के ये भी उदाहरण
– सिहोरा से इलाज के आई महिला का रिपोर्ट पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद संपर्क के 60 से ज्यादा लोगों की लिस्ट बनी। सैंपलिंग 45 से ज्यादा की ही हुई। मुंबई से ननिहाल आई बालिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संपर्क के लोगों की लिस्ट ही जारी नहीं किया गया।
– कटनी और मुड़वारा में एक जून को दोनों स्टेशनों में क्रमश: 20 और 19 और दो जून को 18 व 120 यात्री पहुंचे। इन्हे थर्मल स्क्रीनिंग के बाद होम आइसोलेशन में रहने की सलाह देकर ही जाने दिया गया। इनमें से कई यात्री रेड जोन से आए थे।
नागरिक बोले कहीं भारी न पड़ जाए यह बेपरवाही

– टेस्ट ही नहीं होगा तो कैसे पता चलेगा कि कोरोना है या नहीं। वर्तमान स्थिति में अब क्या बोला जाए। जब नुकसान ज्यादा हो जाएगा तब समझ में आएगा।
सुनील मिश्रा पूर्व विधायक कटनी।
– जब आप जांच ही नहीं करोगे तो कैसे निकलेगा कोरोना। यहां सब मनमाने ढंग से चल रहा है। चुने जनप्रतिनिधियों को परवाह ही नहीं है।
गुमान सिंह जिलाध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस।

– सैंपलिंग बढ़ाने को लेकर प्रशासन के अधिकारियों से बात की थी। उनने कहा था कि सैंपलिंग संख्या बढ़ाई जाएगी। कम नमूने लिए जा रहे हैं तो अधिकारियों से बात करेंगे।
संदीप जायसवाल शहर विधायक।

ट्रेंडिंग वीडियो