scriptलाड़ली बहना योजना: दो लाख 40 हजार 501 शक्तियों का साहब बढ़ाएगा ‘एक हजार’ | Ladli Bahna Yojana in katni | Patrika News
कटनी

लाड़ली बहना योजना: दो लाख 40 हजार 501 शक्तियों का साहब बढ़ाएगा ‘एक हजार’

दावे-आपत्तियों का किया गया निराकरण, सैकड़ों महिलाएं अपात्र, आय से अधिक संपत्ति, गाड़ी-बंगला होने के बाद भी कई महिलाओं ने कर दिया था आवेदनयोजना के तहत आज से वितरित किए जाएंगे स्वीकृति पत्र

कटनीJun 02, 2023 / 09:05 pm

balmeek pandey

लाड़ली बहना योजना: दो लाख 40 हजार 501 शक्तियों का साहब बढ़ाएगा 'एक हजार'

लाड़ली बहना योजना: दो लाख 40 हजार 501 शक्तियों का साहब बढ़ाएगा ‘एक हजार’

कटनी. महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए सरकार द्वारा प्रतिमाह एक हजार रुपए 10 जून से दिया जाना है। यह राशि प्रतिमाह खातों में भेजी जाएगी। इसको लेकर 25 मार्च से 30 मई तक आवेदन की प्रक्रिया चली। महिलाओं ने दस्तावेज दुरुस्त कराने, आधार कार्ड अपडेट कराने, केवायसी कराने, समग्री आइडी बनवाने स डीबीटी कराने के लिए परेशान हुईं। अभी भी डीबीटी के लिए जद्दोजहद जारी है। 25 मार्च से 30 अप्रेल तक ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया चली। 1 से 15 मई तक दावे-आपत्ति ली गई व 16 से 30 मई तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण गठित समिति के द्वारा किया गया। 10 जून को मुख्यमंत्री लाडली बहनों के खातों में राशि अंतरित करेंगे।
जानकारी के अनुसार लाडली बहना योजना के तहत चली ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया में 2 लाख 40 हजार 501 महिलाओं ने पंजीयन कराए हैं। इसके बाद 1 मई से 15 मई तक दावे-आपत्ति ली गई। जो आपत्तियां आई उनका निराकरण समिति के द्वारा 30 मई तक किया गया है। सैकड़ों की संख्या में आवेदन अपात्र पाए गए, जिनकी वास्तविक स्थिति गुरुवार को स्पष्ट हो पाएगी। पोर्टल समस्या के चलते बुधवार को अंतरिम सूची देर शाम तक प्रकाशित नही हो पाई। 1729 नगर निगम क्षेत्र की महिलाओं के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, जबकि 1966 में आधार डीबीटी नहीं है।

यह है जिले में स्थिति
ब्लॉक पंजीयन आपत्तियां आपत्तियों का निराकरण
ढीमरखेड़ा 37255 874 874
बड़वारा 39365 807 807
नगर निगम 28895 219 219
बहोरीबंद 40268 795 795
नप विगढ़ 1505 04 04
नप बरही 2307 33 33
रीठी 25541 849 849
कटनी 28061 440 440
नप कैमोर 2366 78 78
विजयराघवगढ़ 34938 973 973
——————————————
योग 240501 5072 5072
——————————————-

इस तरह से आई हैं आपत्तियां
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में जिलेभर में पांच हजार 72 आपत्तियां आई हैं। इसमें से 208 आपत्तियां ऐसी हैं जो लोगों ने शिकायत कर लगाई हैं। किसी के पास अधिक संपत्ति होना बताया कि तो किसी के पास गाड़ी-बंगला। पोर्टल के माध्यम से 4 हजार 921 शिकायतें पकड़ में आई हैं जिसमें से शासकीय सेवक, ढाई लाख रुपए से अधिक आय, फोटो का मिसमैच होना आदि है।

शहरी क्षेत्र की यह है स्थिति
प्रतिमाह सरकार से एक हजार रुपए पाने के लिए शहर की 28 हजार 895 महिलाओं ने आवेदन किया है। इसमें से 219 महिलाओं के विरुद्ध आपत्ति आई है। 157 आपत्तियां लोगों ने शिकायत कर लगाई हैं, जबकि शेष 106 शिकायतें पोर्टल ने दर्ज की है। आपत्तियों के बाद विभागीय अधिकारियों ने जांच की और अपात्रों को अलग किया है।

डीबीडी में नगर निगम सबसे आगे
लाड़ली बहना योजना में आवेदन करने वाली महिला को आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक में डीबीटी सिस्टम होना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया में जिलेभर में नगर निगम सबसे आगे है। 28 हजार 895 हितग्राहियों में से 26 हजार 929 महिलाओं की डीबीटी प्रक्रिया पूरी हो गई है।

आज से वितरण किए जाएंगे स्वीकृति पत्र
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत जिन महिलाओं के आवेदन स्वीकृत हो गए हैं और जिन्हें अब 1 हजार रुपए महीना मिलेगा, उन्हें 1 जून से स्वीकृति पत्र बांटे जाएंगे। इस संबंध मुख्यमंत्री के द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। दरअसल लाड़ली बहना योजना के तहत 10 जून से उन महिलाओं के खाते में 1 हजाए रुपए महीना आएंगे। जिनका फार्म इस योजना के तहत स्वीकृत हो चुका है। जिन महिलाओं को स्वीकृति पत्र नहीं मिलेंगे, वे ये मान लेंगे कि उनका फार्म स्वीकृत नहीं हुआ है या फिर वे इस योजना के तहत पात्र नहीं है।

गाड़ी-बंगला, आय से अधिक संपत्ति, फिर भी कर दिए थे आवेदन
केस 01
रंजीत कौर निवासी बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक एक ने लाडली बहना योजना के तहत आवेदन किया था। आय से अधिक संपत्ति होने पर अपात्र किया गया है।

केस2
भारती रंगलानी निवासी हेमुकलाणी वार्ड क्रमांक 40 ने भी एक हजार रुपए प्रतिमाह सरकार से लेने के लिए आवेदन किया था, घर में कार होने के कारण अपात्र किया है।

केस 03
अर्चना आसरानी निवासी आचार्य कृपलानी वार्ड नंबर 41 ने सीएम शिवराज सिंह की योजना का लाभ लेने आवेदन किया। आय अधिक होने से लाभ नहीं मिलेगा।

केस 04
किरण बसरानी निवासी वार्ड क्रमांक 41 आचार्य कृपालानी वार्ड ने भी लाड़ली बहना योजना का लाभ उठाने आवेदन किया, लेकिन आय अधिक होने से अपात्र किया गया।

वर्जन
लाड़ली बहना योजना के तहत दो लाख 40 हजार 501 महिलाओं ने आवेदन किया है। दावे-आपत्तियों का निराकरण किया गया है। अब स्वीकृति पत्रकों का वितरण किया जाएगा। 10 जून को खाते में राशि पहुंचेगी।
अवि प्रसाद, कलेक्टर।

Home / Katni / लाड़ली बहना योजना: दो लाख 40 हजार 501 शक्तियों का साहब बढ़ाएगा ‘एक हजार’

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो