कटनीPublished: Nov 15, 2023 09:17:22 pm
balmeek pandey
पत्रिका जागो जनमत कार्यक्रम में महिलाओं ने रखी बेबाकी से बात, कहा शहर में हो मूलभूत सुविधाओं पर काम, दूर हो बेरोजगारी व समस्याएं
कटनी. शहर में अभी समस्याओं का अंबार है, मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोग जूझ रहे हैं। शहर के किसी भी मार्ग में निकल जाओ, दो मिनट के मार्ग में 10 से 15 मिनट लगते हैं, यातायात व्यवस्था बेपटरी है, सडक़ों की हालत खस्ता है। जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग, आदर्श कॉलोनी से नई बस्ती मार्ग, बाजार क्षेत्र, मॉडल रोड में सडक़ों के परखच्चे उड़े हैं, कटनी नदी के पानी से शहर की 80 फीसदी आबादी प्यास बुझाती है, लेकिन वह दुर्दशा का शिकार है, जलस्रोत गंदे हैं। पार्क भी सीमित हैं, इन सब पर नेताओं को फोकस करना चाहिए...। यह बात पत्रिका जागो जनमत अभियान के गोविंद देव मंदिर में महिलाओं ने बेबाकी से रखी। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि लोकतंत्र के उत्सव में मतदाताओं की शत प्रतिशत सशक्त भागीदारी को लेकर पत्रिका द्वारा जागरुकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
पत्रिका के जागो जनमत अभियान के तहत महिलाओं का कहना था कि सरकारें आती हैं और चली जाती हैं, लेकिन आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, इनपर निश्चित समय में काम पूरा होना जरूरी है। सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगार हो गया है इस पर फोकस करना बेहद आवश्यक है, क्योंकि बच्चे पढऩे के बाद बेरोजगार यदि घूम रहे हैं तो यह चिंतनीय है। महिलाओं ने यह भी कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में हर वोट कीमती है। दो दिन बाद 17 नवंबर को हर व्यक्ति को लोकतंत्र के इस उत्सव में आहुति देनी होगी। हम ऐसे प्रत्याशी को चुनें जो हमारी समस्याओं को सुने और उनका समाधान करें। महिलाओं ने कहा कि वे अपने आस-पड़ोस, गांव में बसे रिश्तेदारों, दोस्तों, जानने वालों को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगी।