scriptअब शहर में पुलिस बेचेगी पेट्रोल-डीजल | Petrol pump to be built in police line | Patrika News

अब शहर में पुलिस बेचेगी पेट्रोल-डीजल

locationकटनीPublished: Nov 29, 2017 12:23:15 pm

Submitted by:

mukesh tiwari

पुलिस लाइन में शुरू होगा पेट्रोल पम्प, मुख्यालय से स्वीकृति के बाद कंपनी के अधिकारियों ने कराया मिट्टी परीक्षण

Petrol pump in police line

Petrol pump in police line

कटनी. पुलिस लाइन में जल्द ही पुलिस पेट्रोल-डीजल बेचने का काम प्रारंभ करेगी। जिले से मुख्यालय को पम्प खोले जाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था, जिसमें स्वीकृति मिल गई है और उसके बाद इंडियन ऑयल कंपनी के साथ अनुबंध किया गया है। कंपनी पम्प तैयार कर पुलिस विभाग को सौंपेगी और उसके बाद पुलिस उसका संचालन करेगी। आने वाली राशि वेलफेयर के नाम पर जमा होगी।
वर्ष 2016 के अंत में पुलिस मुख्यालय को पुलिस लाइन में पेट्रोल पम्प के संचालन के लिए जिले से प्रस्ताव तैयार कराकर भेजा गया था। जिसमें मुख्यालय ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्वीकृति प्रदान कर दी थी और उसके बाद कंपनी से अनुबंध किया गया। अनुबंध के बाद कंपनी के अधिकारियों की टीम कटनी पहुंची और पुलिस लाइन में यातायात थाना की ओर मिट्टी का परीक्षण कराया गया है। इसके अलावा पम्प में लगाने टंकी सहित अन्य सामग्री भी पहुंचने लगी है।
पांच माह में तैयार होने की उम्मीद
कंपनी द्वारा पम्प निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जिसके चलते अनुमान है कि लगभग पांच माह में पम्प का कार्य पूरा हो जाएगा और उसके साथ ही संचालन भी प्रारंभ हो जाएगा। पम्प का संचालन करने के दौरान आने वाली राशि वेलफेयर फंड में जाएगी और उसका उपयोग शहर में पुलिस विकास के अन्य कार्यों के लिए करेगी। इसको लेकर रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान का कहना है कि पेट्रोल पम्प के संचालन के लिए अनुबंध के बाद कंपनी के अधिकारियों ने स्थल का मिट्टी का परीक्षण कराया है। साथ ही सामग्री भी आना शुरू हो गई है। काम पूरा होते ही पम्प का संचालन शुरू होगा।

विभाग के साथ आम जन को मिलेगा लाभ
पुलिस विभाग अभी दूसरे पेट्रोल पम्पों से अनुबंध कर हर माह लाखों रुपये का पेट्रोल-डीजल लेता है। खुद का पम्प होने से विभाग को लाभ मिलेगा। साथ ही आमजन को भी गुणवत्ता का पेट्रोल-डीजल उपलब्ध हो सकेगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो