सांसद, महापौर को धन्यवाद लिखने पर मचा बवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ता से कहा महापौर के गु्रप में गिरोह चलाना करो बंद
-कोरोना लॉकडाउन में बाहर फंसेे छात्रों को घर पहुंचाने के बाद एक भाजपा कार्यकर्ता द्वारा दोनों नेताओं को सोशल मीडिया में की गई धन्यवाद पोस्ट पर तिलिमिलाए जिलाध्यक्ष, कहा पार्टी से कर देंगे निष्कासित

कटनी. कोरोना लॉकडाउन में कटनी पन्ना, खजुराहो, शहडोल, छतरपुर सहित अन्य जिलों के बाहर फंसेे छात्रों को बसों के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाने में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और कटनी सांसद वीडी शर्मा के प्रयासों के बाद कटनी के कार्यकर्ता द्वारा उन्हे सोशल मीडिया में धन्यवाद पोस्ट करना भारी पड़ गया। कटनी के भाजपा कार्यकर्ता दिलराज सिंह ने बच्चों के कटनी पहुंचने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही दूसरे साधनों से उनके घर तक बच्चों को पहुंचाने में मदद की। इसके साथ ही कार्यकर्ता ने प्रदेशाध्यक्ष शर्मा और निर्वतमान महापौर शशांक श्रीवास्तव को धन्यवाद लिखकर सोशल मीडिया में एक पोस्ट वायरल की। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष रामरतन पायल तक पहुंचते ही वे तिलमिला गए। भाजपा कार्यकर्ता दिलराज को फोन कर कहा कि महापौर के गु्रप में गिरोह चलाना बंद करो। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ता को पार्टी से निष्कासित करने की बात तक कह डाली। इधर, जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता के बीच फोन पर बात की चर्चा कार्यकर्ताओं तक पहुंचते ही बवाल मच गया। जिलाध्यक्ष के बर्ताव की शिकायत पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा तक पहुंचने की चर्चा है। दिलराज ने बताया कि लॉकडाउन में बाहर फंसे छात्रों की जानकारी जुटाने के लिए महापौर के कहने के बाद हमने परिजनों का नंबर पता किया और उन्हे जानकारी दी। छात्रों के घर पहुंचने के बाद दोनों वरिष्ठों को धन्यवाद लिखकर पोस्ट किया।
मेरी जानकारी में नहीं है कि दिलराज भाजपा में है या नहीं। किसी कार्यक्रम में नहीं दिखा। मेरी कोई बातचीत नहीं हुई है। वो युवामोर्चा में है तो युवामोर्चा के जिलाध्यक्ष बताएंगे।
रामरतन पायल भाजपा जिलाध्यक्ष।
दिलराज सिंह भाजपा में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हैं। सोशल मीडिया की कुछ जिम्मेदारी मिली हुई है।
मृदुल द्विवेदी, जिलाध्यक्ष भाजयुमो।
अब पाइए अपने शहर ( Katni News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज