script

जानें प्रेमी-प्रेमिका के अनोखे प्यार की अनोखी कहानी, रह जाएंगे दंग

locationकटनीPublished: Jun 20, 2021 03:51:18 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-जानें प्रेमी ने रूठी प्रेमिका को कैसे मनाया और फिर क्या हुआ

थाने में अनोखा प्रेम विवाह

थाने में अनोखा प्रेम विवाह

कटनी. प्रेमी-प्रेमिका के प्यार की कहानियां अक्सर वायरल होती रहती हैं। प्रेमी-प्रेमिका के रूठने और मनाने के भी कई रोमांचक किस्से सुन रखे होंगे, लेकिन ये जो कहानी कटनी में हुई वो सबसे अलग है। इसका अंत भी इस तरह से इतना सुखद होगा इसकी कल्पना करना भी कम रोमांचक नहीं है।
दरअसल कटनी की एक प्रेमिका अपने प्रेमी से रूठ गई। बताया जा रहा है कि रूठने के बाद प्रेमिका को पता चला कि उसका प्रेमी जो उस पर जान छिड़कता रहा, वो अब उसकी सौतन लाने की तैयारी में जुटा है। ऐसा सुनते ही वह थाने पहुंच गई। शिकायत दर्ज कराई।
लेकिन इसी बीच इस प्रेम कहानी में नाटकीय मोड़ आया। थाने में कुछ ही देर में प्रेमी भी पहुंच गया। फिर क्या था, पुलिस ने थाने में ही दोनों का विवाह करा दिया, बाराती बने पुलिस वाले। ढोल-नगाड़े भी बजे, बारात निकाली गई। सबसे सुखद तो ये कि दोनों के परिजनों ने इस विवाह को स्वीकृति प्रदान की और वर-वधु को आशीर्वाद भी दिया फिर डोली में घर ले गए।
जिले के बरही थाने का है ये मामला। बरही थाना प्रभारी टीआई संदीप आयाची बताते हैं किने बिचपुरा के रहने वाले रामलाल और हदरहटा की रहने वाली केश कली लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों के बीच अनबन होती तो केश कली रूठकर घर चली जाती। उन्होंने बताया कि इस बार भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और लड़की अपने घर चली गई।
बताया जाता है कि रामलाल ने केश को कई कई बार समझाया और उसे साथ रहने को कहा. लेकिन, लड़की नहीं मानी और उसे छोड़कर चली गई। इस बीच रामलाल को कुछ नहीं सूझा तो उसने दूसरी शादी करने की बात लड़की से कह दी। ये लड़की और उसके घरवालों को नागवार गुजरा और वो थाने पहुंच गए। पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने युवक को थाने बुलाया। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह उसके साथ रहना चाहता है, लेकिन लड़की मानने को ही तैयार नहीं है।
ऐसे में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और थाने में ही शादी करा दी। पूरे विधि-विधान के साथ दोनों की धूम-धाम से शादी हुई। वर-वधु ने एक-दूसरे को जय माल पहनाई। इसके बाद थाने से बारात भी मंदिर तक निकाली गई। पुलिसकर्मी बाराती बने। वर-वधु को घर भेजने के दौरान पुलिस ने उन्हें पांच बर्तन और 500 रुपए नकद उपहार स्वरूप भी दिए।

ट्रेंडिंग वीडियो