scriptवीडी शर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने पर इस लोकसभा से कद्दावर नेता ने लिखा मैं क्षुब्ध हूं और भाजपा को दे गए बड़ा झटका | VD Sharma was made the candidate BJP | Patrika News

वीडी शर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने पर इस लोकसभा से कद्दावर नेता ने लिखा मैं क्षुब्ध हूं और भाजपा को दे गए बड़ा झटका

locationकटनीPublished: Apr 14, 2019 05:20:27 pm

विजयराघवगढ़ से पूर्व विधायक ने काला दिवस करार देते हुए ग्वालियर के नेता का क्षेत्र में अतिक्रमण बताया तो कटनी मुड़वारा से पूर्व विधायक ने छोड़ी पार्टी

BJP nominee for Dausa

विजयराघवगढ़ से पूर्व विधायक ने काला दिवस करार देते हुए ग्वालियर के नेता का क्षेत्र में अतिक्रमण बताया तो कटनी मुड़वारा से पूर्व विधायक ने छोड़ी पार्टी

कटनी. भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार दोपहर खजुराहो लोकसभा सीट से वीडी शर्मा को उम्मीदवार घोषित किए जाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा के निर्णय का विरोध करना शुरू कर दिया। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक और कटनी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष धु्रव प्रताप सिंह ने भाजपा के इस निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने तो आज के दिन को खजुराहो लोकसभा के लिए काला दिवस तक करार दे दिया। धु्रव प्रताप सिंह ने बताया कि भाजपा के इस निर्णय से सहमत नहीं हूं। विरोध करता हूं। पूर्व भाजपा विधायक ने कहा कि बाहर से उम्मींदवार थोपना अच्छी बात नहीं है। ग्वालियर मुरैना के कार्यकर्ता नेता को अपने क्षेत्र में ही संघर्ष करना चाहिए। अतिक्रमण से लोकल लीडरशीप को नुकसान होता है।
इससे पहले कटनी मुड़वारा शहर से पूर्व भाजपा विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार ने तो भाजपा से इस्तीफा तक दे दिया। गिरिराज किशोर खजुराहो लोकसभा से टिकट की दावेदारी भी कर रहे थे। भाजपा से खजुराहो लोकसभा के लिए वीडी शर्मा को टिकट की घोषणा के साथ ही गिरिराज किशोर पोद्दार द्वारा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने नाम लिखी चिट्टी फेसबुक में अपने वाल पर पोस्ट की गई। इसमें पार्टी से इस्तीफा के साथ ही पार्टी द्वारा दी गई सभी दायित्वोंं से इस्तीफा दिए जाने की बात कही।
इधर भाजपा के जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपपानी दोनों ही पूर्व विधायकों को मना लेने की बात कह रहे हैं। पीतांबर टोपनानी ने पत्रिका को बताया कि विजयराघवगढ़ से पूर्व विधायक ध्रुव प्रताप सिंह और शहर से पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार द्वारा टिकट के निर्णय पर विरोध की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि गिरिराज किशोर से दो दिन पहले भी मुलाकात की थी। एक बार फिर दोनों वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे और चर्चा करेंगे।
बतादें कि खजुराहो लोकसभा के लिए 6 मई मतदान होना है। ऐसे में रविवार से पहले तक इस सीट से भाजपा उम्मीदवार घोषित नहीं होने से कार्यकर्ताओं को उम्मींद थी कि किसी स्थानीय कार्यकर्ता को ही पार्टी टिकट दे सकती है। रविवार को भाजपा ने विष्णुदत्त शर्मा को खजुराहो लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। विष्णुदत्त शर्मा की टिकट फाइनल होते ही अब बुंदेलखंड की इस सीट से सिर्फ एक ही सवाल पूछा जा रहा है कि विष्णु दत्त शर्मा कौन है? कहां के है? और विष्णु दत्त शर्मा को खजुराहो से टिकट क्यों दिया गया?

विष्णुदत्त शर्मा मूलत: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के निवासी है। उन्हें वीडी शर्मा के नाम से भी जाना जाता है। 32 वर्षों से लगातार सक्रिय राजनीति में है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति शुरू करने के बाद विष्णुदत्त शर्मा को संगठन में अनेक पद मिले। मौजूदा समय में वह भाजपा मध्यप्रदेश के प्रदेश महामंत्री है। प्रदेश की राजनीति में उन्हें बड़ा चेहरा माना जाता है। संघ से भी उनका जुड़ाव रहा है।
विष्णुदत्त शर्मा के संघ और भाजपा संगठन से जुड़े जमीनी नेता माने जाते हैं। वे1987 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए। 1995 से फुल टाइमर राजनीति में कदम रखा। 1993 से 1994 तक वे मप्र राज्य में सचिव रहे। 2001 से 2007 तक मप्र राज्य संगठन सचिव रहे। इस एबीवीपी के राष्ट्रीय सचिव भी रहे। 2007 से 2017 तक मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन सचिव रहे। 2007 से 2009 तक एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे।
1987 से राजनैतिक कॅरियर शुरू करने वाले विष्णुदत्त शर्मा वैसे तो आम चुनावों से दूर ही रहे है, लेकिन 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें खजुराहो सीट से भाजपा प्रत्याशी क्यों बनाया, इस सवाल का जवाब फिलहाल सभी चाह रहे है। माना जा रहा है कि राष्ट्रवादी नेता होने की छवि के कारण पार्टी ने खजुराहो से टिकट दिया। वीडी शर्मा पहले कई आंदोलनों में भी शामिल हो चुके है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलनों में उन्होंने पदयात्रा भी निकाली थी, जो बालाघाट से शुरू हुई थी। शिक्षा में व्यावसायीकरण और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में वह हमेशा सक्रिय रहे है। विष्णुदत्त शर्मा ने नर्मदा में प्रदूषण का अध्ययन किया है।
2015 में विष्णु दत्त शर्मा को नेहरू युवा केंद्र के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त हुआ था। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा उन्हें यह नियुक्ति दी गई थी। तब विष्णु दत्त शर्मा ने कहा था कि कौशल विकास एनडीए सरकार की प्रमुख चिंताओं में से एक है। युवाओं में नेतृत्व की गुणवत्ता और देशभक्ति के सम्मान के साथ कौशल विकास प्रदान करने में एनवाईके अपना पूरा प्रयास करेगा। उन्होंने सौंपे गए कार्य के लिए सरकार और भाजपा नेताओं को धन्यवाद दिया। इस पद के बाद मध्यप्रदेश और राष्ट्रीय राजनीत में भी उन्हें काफी पहचान मिली थी।
खजुराहो लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित होने के बाद विष्णुदत्त शर्मा ने टिकट मिलने के बाद अपने ऑफीशियल फेसबुक अकाउंट पर भाजपा संगठन और शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त किया है। विष्णुदत्त शर्मा ने लिखा है कि एक सामान्य एवं जमीनी कार्यकर्ता पर विश्वास दिखाने के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व और भाजपा मध्यप्रदेश का आभार व्यक्त करता हूं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो