scriptग्रामीणों को तीन महीने से नहीं मिला राशन, कई परिवारों में खाने के लाले, सामने आई बड़ी बेपरवाही | Villagers are not getting ration | Patrika News

ग्रामीणों को तीन महीने से नहीं मिला राशन, कई परिवारों में खाने के लाले, सामने आई बड़ी बेपरवाही

locationकटनीPublished: Feb 28, 2021 09:46:17 pm

Submitted by:

balmeek pandey

सेल्समैन की मनमानी से परेशान ग्रामीण, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार

rashan_ka_gehun_6003658_835x547-m_1.jpg

Arbitration in distribution of ration in Katni district

कटनी/उमरियापान. इन दिनों सरकारी राशन दुकानों ने लोगों को राशन न मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के चलते लोगों को राशन नहीं मिला। कहीं सर्वर डाउन तो कहीं सेल्समैन की लापरवाही के चलते लोगों को मायूसी हाथ लग रही है। ऐसा ही एक मामला ढीमरखेड़ा के धरवारा में सामने आया है। जहां बीते तीन महीनों से गांव के लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। जिससे गांव के लोग परेशान हैं। अकबर कोल, सतीश साहू, पंकज नामदेव, अमित नामदेव, अवधकिशोर कोल, प्यारेलाल कोल, अम्रतलाल कोल सहित अन्य ग्रामीण राशन न मिलने से परेशान होकर कलेक्टर से गुहार लगाने पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि धरवारा राशन दुकान के सेल्समैन संजय पांडेय के द्वारा बीते तीन महीने से ग्रामीणों को राशन नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि राशन दुकान से मिलने वाले राशन से ही परिवार का चूल्हा जलता है। लेकिन वो राशन भी समय से नहीं मिलता है। अभी तो पिछले तीन महीने से अनाज का दाना तक नहीं मिला। कई परिवारों में खाने के लाले पड़े हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सेल्समैन द्वारा लोगों से अंगूठा भी लगवाया जाता है, लेकिन राशन नहीं दिया जाता। स्थानीय प्रशासन से इस बारे में कई बार बताया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इस संबंध में सेल्समैन संजय पांडेय ने बताया कि हर माह राशन का वितरण किया जाता है। कुछ लोगों की पर्चियां नहीं निकल पाईं, उन्हें बस राशन नहीं मिला है। जल्द ही उन्हें भी राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

इनका कहना है
ग्रामीणों को राशन क्यों नहीं मिला है इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो बिंदु सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
केएस भदौरिया, सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो