script

BJP विधायक ने रिटायर्ड फौजी के खिलाफ लिखाया मानहानि का मुकदमा, सुपारी देने का लगाया था आरोप

locationकौशाम्बीPublished: Sep 09, 2018 07:23:55 pm

रिटायर्ड फौजी ने बीजेपी विधायक संजय गुप्ता पर 10 लाख रुपये में सुपारी देने का लगाया था आरोप।

MLA Sanjay Gupta

विधायक संजय गुप्ता

कौशांबी. यूपी के कौशाम्बी जिले के चायल से भाजपा विधायक संजय गुप्ता पर दस लाख रुपये की सुपारी देकर जान से मरवाने का प्रयास करवाने का आरोप लगा सनसनी फैलाने वाले रिटायर्ड फौजी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कोखराज थाना मे दर्ज किया गया है। मुकदमा विधायक संजय गुप्ता की तहरीर पर दर्ज किया गया है। मुकदमे मे दो अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद कोखराज पुलिस विधिक कार्यवाही मे जुट गई है। कोखराज थाना के परसरा गांव मे रहने वाले लाल चंद्र रिटायर्ड फौजी हैं, इन्होंने कारगिल की लड़ाई मे पाकिस्तान के खिलाफ देश का प्रतिनिधित्व किया था।
 

रिटायरमेंट के बाद लाल चंद्र राजनीति मे उतरे और परसरा गांव के प्रधान चुने गए। लाल चंद्र के घर पिछले दिनों हमला हुआ था। जिसमें उन्होंने गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर समेत आधा दर्जन लोगों पर गंभीर धाराओं मे कोखराज थाना मे मुकदमा दर्ज कराया था। इस घटना के तीन दिन बाद लाल चंद्र अपने रिटायर्ड फौजी साथियों के साथ डीएम व एसपी के पास पहुंचे और चायल से भाजपा विधायक संजय गुप्ता पर सनसनीखेज आरोप लगते हुये तहरीर दिया। लाल चंद्र ने आरोप लगाया की उन पर हमला विधायक संजय गुप्ता ने दस लाख रुपये की सुपारी देकर कराया है।
 

शिकायती पत्र मिलने पर एसपी ने मामले की जांच सीओ सिराथू रामबीर सिंह से करायी तो आरोप बेबुनियाद निकले। खुद पर लगा आरोप जांच में गलत पाये जाने के बाद चायल से भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने रिटायर्ड फौजी लालचंद्र, भरवारी नगर पंचायत के पूर्व सभासद शंकर लाल केसरवानी व मनोज केसरवानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कोखराज थाना मे दर्ज करा दिया। विधायक के इस पलटवार के बाद से रिटायर्ड फौजी व पूर्व सभासद भूमिगत हो गए हैं। विधायक ने अपनी तहरीर में लिखा है की भरवारी के पूर्व सभासद का आपराधिक इतिहास रहा है। वह साजिश के तहत लालचन्द्र की हत्या करावा उन्हे फसाने की साजिश रच रहे हैं। मामले मे एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि विधायक की तहरीर पर मुकदमा लिख कर कानूनी कार्यवाही की जा रही हैं।
By Shivnandan Sahu

ट्रेंडिंग वीडियो