scriptडिप्टी CM के जिले में दलित छात्राओं ने छेड़खानी से तंग आकर छोड़ा स्कूल | Dalit Girls Left School after Molestation and Threaten to Death | Patrika News

डिप्टी CM के जिले में दलित छात्राओं ने छेड़खानी से तंग आकर छोड़ा स्कूल

locationकौशाम्बीPublished: Nov 29, 2018 04:32:54 pm

मुकदमा वापस लेने के लिये आरोपी युवक दे रहे जान से मारने की धमकी।

Student

छात्राएं

कौशाम्बी . यूपी के कौशाम्बी जिले मे दलित छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यही नहीं छेड़खानी की शिकायत करने के बाद अब मनचले युवक छात्राओं को धमका दे रहे हैं। इसके चलते छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। यही नहीं छात्राओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस उन मनचले युवकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है इसके चलते वह स्कूल नहीं जा पा रही हैं। एसपी से शिकायत करने के बाद अब छात्राओं को आरोपियों की गिरफ्तारी तक सुरक्षा मुहैया करा दी है।
मामला कौशाम्बी के मंझनपुर कोतवाली अन्तर्गत जिला मुख्यालय स्थित दलित बस्ती का है। यहां की तीन हाई स्कूल की छात्राएं घर से एक किलोमीटर दूर पढ़ने जाती हैं। पिछले एक सप्ताह से भी ज्यादा समय से दो मनबढ़ किस्म के दबंग युवक उनके साथ लगातार छेड़खानी कर रहे थे, जिसके चलते उनका स्कूल जाना दूभर हो गया था। लड़कियों ने यह बात अपने परिजनों को बतायी तो उन्होंने पुलिस से शिकायत कर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद युवक गुंडई पर उतर आए और रास्ते में लड़कियों को रोककर उनपर एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सहमी लड़कियों ने सोमवार से स्कूल जाना बंद कर दिया। गुरुवार को लड़कियां पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं वहां आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी युवकों को गिरफ्तार नहीं कर रही इसके चलते वह अब उनपर मुकदमा वापस लेने का न सिर्फ दबाव बना रहे हैं बल्कि जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। एडिशनल एसपी अशोक कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक छात्राओं को सुरक्षा देने का आदेश दिया है। मंझनपुर थाने को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।
By Shivnandan

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो