एक शहर जो तरस रहा पानी के लिए
200 करोड़ खर्च करने के बाद भी प्यासे शहरवासी
पानी के लिए सड़कों पर उतरीं महिलाएं, किया चक्काजाम
-पाइप लाइन सुधार के बाद भी कई क्षेत्रों में तीसरे दिन नहीं पहुंचा पानी
खंडवा
Published: April 30, 2022 12:11:46 pm
खंडवा.
भीषण गर्मी में जल संकट का सामना कर रहे शहरवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नगर निगम और विश्वा की नर्मदा जल योजना लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। एक बार पाइप लाइन फूटने के बाद तीन-तीन दिन तक पानी नहीं मिलना आम बात हो गई है। बुधवार को फूटी पाइप लाइन में हुए सुधार के बाद भी तीसरे दिन शहर के कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचा। जिसके बाद शुक्रवार रात अवस्थी चौराहा क्षेत्र में आक्रोशित महलिाओं व लोगों ने इंदिरा चौक पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
बुधवार को नर्मदा जल की पाइप लाइन ग्राम रजूर के पास फूटी थी। देर रात सुधार के बाद चारखेड़ा फिल्टर प्लांट पर पंप शुरू किए गए थे। गुरुवार शाम को सिविल लाइन स्थित संपवेल में पानी पहुंचा। रात में जल प्रदाय शुरू किया गया, लेकिन उन क्षेत्रों से जहां बुधवार को पानी प्रदाय का दिन था। जिसके चलते कई क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन भी पानी नहीं पहुंच पाया। सिविल लाइन क्षेत्र के सर्वोदय कॉलोनी सहित अवस्थी चौराहा, चंपा तालाब क्षेत्र, आदर्श नगर, राम नगर, संजय नगर, दादाजी वार्ड सहित कई क्षेत्रों में जल प्रदाय नहीं होने से लोग दिनभर पानी के लिए परेशान होते रहे। घरों में मौजूद टंकियों तक में पानी की एक बूंद भी नहीं बची। हालात यहां तक पहुंच गए कि घरों में शौचालय में उपयोग के लिए भी पानी नहीं था।
नगर निगम हाय-हाय के लगाए नारे
जल संकट को लेकर परेशान अवस्थी चौक, चंपा तालाब और आदर्श नगर के लोग शुक्रवार रात को सड़क पर उतर आए। रात 9 बजे महिलाओं ने चंपा तालाब पुलिया के पास चक्का जाम कर दिया। यहां करीब आधा घंटा चक्काजाम के बाद भी न तो निगम का कोई अधिकारी पहुंचा, न किसी अधिकारी ने फोन उठाया। इसके बाद आक्रोशित लोग इंदिरा चौक पहुंच गए। यहां नाकोड़ा नगर के रोड पर महिलाएं बैठ गई और जमकर नगर निगम हाय-हाय के नारे लगाए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। यहां पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
आठ दिन से नहीं आ रहा पानी
चक्काजाम कर रहीं महिला रेखा मोरे, दुर्गा यादव, सरला, सुनीता पाल आदि ने बताया कि पिछले आठ दिन से पानी नहीं आ रहा है। न तो पूरे क्षेत्र में नलों में पानी आ रहा, न निगम के अधिकारी, कर्मचारी टैंकर भेज रहे है। महिला गुलाब बाई ने बताया कि इसकी शिकायत सीएम हेल्प लाइन में भी की है। समस्या का हल तो नहीं हो रहा, उल्टे अधिकारी, कर्मचारी शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम अरविंद चौहान, तहसीलदार चंदरसिंह धार्वे मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद यहां से चक्काजाम खत्म हुआ। चक्काजाम खत्म होने के बाद निगमायुक्त सविता प्रधान मौके पर पहुंचीं।

खंडवा. इंदिरा चौक पर चक्का जाम करतीं महिलाएं
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
