scriptपत्थर से सिर कुचलकर किसान की हत्या, पत्नी खेत पहुंची तो खून से लथपथ मिला शव | Brutal Murder of farmer during irrigating field | Patrika News
खंडवा

पत्थर से सिर कुचलकर किसान की हत्या, पत्नी खेत पहुंची तो खून से लथपथ मिला शव

खेत में पानी देने गए किसान की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। किसान की पत्नी खाना लेकर खेत पहुंची तो वारदात सामने आई।

खंडवाDec 05, 2017 / 01:38 pm

सेराज खान

Brutal Murder of farmer during irrigating field

Brutal Murder of farmer during irrigating field

खंडवा. शहर से सटे ग्राम गोलजोशी में खेत में पानी देने गए किसान की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह जब किसान की पत्नी खाना लेकर खेत पहुंची तो वारदात सामने आई। तुरंत परिजन और पुलिस को मामले की खबर दी। पदमनगर थाना पुलिस ने वारदातस्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया। मौके से सुराग जुटाए। वारदात कारण रंजिश बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भैयालाल पिता छीतू बलाही (५५) निवासी गोलजोशी सुबह करीब ६ बजे खेत पर पहुंचा। यहां खेत में लगी तुअर की फसल में पानी दे रहा था। इस दौरान अज्ञात हत्यारे भैयालाल से मारपीट करते हुए पड़ोसी के खेत में ले गए। जहां पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी। सुबह करीब १० बजे तक जब भैयालाल घर नहीं पहुंचा तो पत्नी नन्नीबाई खाना लेकर खेत पहुंची। खेत पर पति को नहीं दिखे तो आसपास के खेतों में लोगों से पूछताछ की। इसी बीच भैयालाल का शव पत्थरों के ढेर के पास पड़ा नजर आया। खून से लथपथ हालत में मृत पति को देख नन्नीबाई दंग रह गई। दौड़कर तुरंत गांव पहुंची। साथ ही परिजन और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। हत्या की खबर लगते ही ग्राम में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर शव पीएम के लिए भेज दिया।
फसल में पानी देने आए थे पति
पत्नी नन्नीबाई ने बताया रोजाना सुबह करीब ६ बजे बिजली आती है। इसलिए पति रोज की तरह फसल में पानी देने के लिए खेत गए थे। पानी देने के बाद वह घर लौट आते थे, लेकिन वह १० बजे तक नहीं आए। इस पर खाना लेकर पहुंची, लेकिन वह खेत के मकान में नहीं थे। इस पर आसपास तलाश किया, तभी पत्थरों के ढेर के पास उनका पजामा नजर आया। मौके पर देखा तो वो खून से लथपथ मृत पड़े थे। दोपहर करीब १२ बजे वारदात की खबर परिजन ने पदमनगर पुलिस को दी।
रविवार को पड़ोसियों से हुआ था विवाद
भतीजे मनोहर बलाही ने कहा रविवार शाम करीब ५ बजे पड़ोसियों से विवाद हुआ था। विवाद में पड़ोसियों ने भैयालाल को जान से मारने की धमकी थी। पत्नी नन्नीबाई ने पति के हत्या मामले में ग्राम के दो लोगों पर संदेह जताया है। वारदात के बाद से दोनों गांव से गायब हैं। परिजन के संदेह जताने पर पुुलिस ने उक्त दोनों संदेहियों की तलाश शुरू कर दी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
इधर, वारदात की खबर लगते ही पदमनगर टीआई विश्वदीप परिहार और एफएसएल अधिकारी विकास मुजाल्दे मौके पर पहुंचे। यहां घटनाक्रम की जानकारी ली। वारदात स्थल से एफएसएल अधिकारी ने हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में खून से सने पत्थर जब्त किए गए हैं।

Home / Khandwa / पत्थर से सिर कुचलकर किसान की हत्या, पत्नी खेत पहुंची तो खून से लथपथ मिला शव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो