scriptखाना खाने की जिद पर दिव्यांग भिखारी को उसकी ही लाठी से पीटकर मार डाला | Disabled killed on eating food in khandwa | Patrika News

खाना खाने की जिद पर दिव्यांग भिखारी को उसकी ही लाठी से पीटकर मार डाला

locationखंडवाPublished: Apr 19, 2018 10:26:43 pm

पिपलौद थाना क्षेत्र के ग्राम बामंदा का मामला, इधर मांधाता थाना के ग्राम मोरटक्का माली शराब पीने पैसा नहीं देने की बात पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी।

Disabled killed on eating food in khandwa

Disabled killed on eating food in khandwa

खंडवा. खाना खाने की जिद की कीमत एक दिव्यांग भिखारी को अपनी जान देकर चुकाना पड़ी। मामला पिपलौद थाना क्षेत्र के ग्राम बामंदा का है। बुधवार शाम दिव्यांग भिखारी राजकुमार कोरकू ग्राम बामंदा के बबलू पिता विश्राम कोरकू (३५) के घर पहुंचा। यहां उसने बबलू से कहा आज मैं खाना यहीं खाऊंगा। इसी बात को लेकर बबलू भड़क उठा और दिव्यांग भिखारी की लाठी छीन कर पीटाई शुरू कर दी। आरोपित बबलू ने लाठी से पीट-पीटकर भिखारी की हत्या कर दी। मामला देख ग्रामीणों ने तुरंत डायल-१०० को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए आरोपित बबलू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल लिया है। आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर गुरुवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
वारदात कर भाग रहा था आरोपित, दबोचा
दिव्यांग भिखारी की मौत होने की खबर सुनते ही आरोपित बबलू घर से भाग निकला। तभी डायल-१०० पुलिस ग्राम में पहुंची। हत्या होने पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की खबर दी। इसी बीच आरोपित फरार होने की सूचना पुलिस को मिली। थाना प्रभारी आनंद राज ने टीम के साथ सर्चिंग करते हुए ग्राम के बाहर आरोपित बबलू को दबोच लिया।

शराब पीने पत्नी ने मजदूरी के पैसे नहीं दिए तो कर दी हत्या
खंडवा. मांधाता थाना क्षेत्र के मोरटक्का माली में शराब पीने के लिए पत्नी ने पैसे नहीं देने से गुस्साए पति ने पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक संतोषबाई पति गोवर्धन (३५) निवासी मोरटक्का माली बुधवार रात करीब ९ बजे घर में खाना बना रही थी। तभी ग्राम में घूमकर पति गोवर्धन घर पहुंचा। यहां संतोषबाई से रुपए मांगने लगा। उसने रुपए नहीं होने की बात कही तो पति मजदूरी के पैसे मांगने लगा। रुपए नहीं देने की बात पर वह विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित गोवर्धन ने पत्नी संतोषबाई के साथ लकड़ी और पत्थरों से मारपीट की। विवाद होते देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस आते ही देख आरोपित मौके से भाग गया। वहीं गंभीर हालत में पुलिस ने संतोषबाई को सनावद अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर संतोषबाई ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने पति गोवर्धन के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
नशे का आदी है आरोपित, नहीं करता कोई काम
परिचितों ने बताया आरोपित गोवर्धन नशे का आदी है। पत्नी संतोषबाई मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। उसकी दो बेटियां भी है। पत्नी रोजाना मजदूरी करने जाती थी, लेकिन गोवर्धन ग्राम में घूमता रहता है। मामले में पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है। इधर, शव का पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो