खंडवा

यहां संकेतकों पर नहीं दें ध्यान, भटक सकते हैं रास्ता

खेड़ापति हनुमान मंदिर से गणेश गंज वार्ड जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया का मामलाकोर्ट के आदेश पर दुर्घटनाएं रोकने पुलिया पर लगाए संकेतक, बदमाश ने पोता पेंट

खंडवाOct 21, 2020 / 05:51 pm

tarunendra chauhan

Indicator missing

खंडवा. न्यायालय के आदेश पर खेड़ापति हनुमान मंदिर से होते हुए गणेश गंज वार्ड जाने वाले रास्ते पर स्थित पुलिया पर लगाए गए संकेतकों पर बदमाशों ने पेंट लगाकर पोत दिया। इस कारण रात के समय दुर्घटनाएं हो रही है। दरअसल, जन लोकोपयोगी अदालत में जयराम टोपलानी निवासी सुभाष कॉलोनी ने जनहित याचिका दायर की थी।

याचिका में गणेश गंज वार्ड जाने वाले मार्ग पर स्थित करीब 50 वर्ष पुरानी जर्जर पुलिया पर रैलिंग, संकेतक आदि की समस्या के निराकरण की बात रखी गई थी। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने यातायात पुलिस के पुलिया के दोनों ओर संकेतक लगवाने के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए अक्टूबर माह में यातायात पुलिस ने पुलिया के दोनों ओर संकेतक लगवाए। लेकिन इसी बीच बदमाशों ने संकेतक पर सफेद कलर का पेंट पोत दिया है। इस कारण रात के समय संकेतक नजर नहीं आते हैं। मामले में यातायात पुलिस उक्त बदमाशों की तलाश कर रही है। यहां बता दें रात के समय पुलिया मार्ग पर अंधेरा रहता है। साथ ही संकेतक नहीं होने से अक्सर वाहन चालक दुर्घटनाओं के शिकार हो जाते हैं।

नवचंडी मार्ग से संकेतक गायब
इधर, नवचंड़ी मार्ग पर रामेश्वर कुंड के पास मोड़ पर यातायात पुलिस ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संकेतक लगाए थे। यहां मिरर भी लगाया गया था। लेकिन इस समय उक्त संकेतक मोड़ से गायब हो गया है। इसके अलावा अन्य मार्गों पर भी संकेतक नहीं होने से दुर्घटनाओं की स्थितियां निर्मित हो रही है।

न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए पुलिया पर संकेतक लगाए थे। उक्त संकेतक पर अज्ञात व्यक्ति ने पेंट पोत दिया है। मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ कर उक्त बदमाशों की जानकारी निकाल रहे हैं।
– संतोष कौल, डीएसपी, ट्रैफिक

Hindi News / Khandwa / यहां संकेतकों पर नहीं दें ध्यान, भटक सकते हैं रास्ता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.