मनाने के बाद भी नहीं मान रहे थे बागी, हुए पार्टी से बाहर
भाजपा ने कसी बागियों पर नकेल, 6 साल के लिए निष्कासन
-खंडवा, पंधाना, मूंदी में अधिकृत प्रत्याशी के सामने चुना लड़ रहे 18 पर हुई कार्रवाई
खंडवा
Published: July 01, 2022 12:24:07 pm
खंडवा.
नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे बागी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की गाज गिरी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए बागियों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया है। इसमें खंडवा, पंधाना और मूंदी के कुल 18 बागी शामिल है। इनमें से कई महिलाएं तो भाजपा की सदस्य भी नहीं है, उनके पति भाजपा कार्यकर्ता है, जिन पर कोई कार्रवाई पार्टी ने नहीं की है। भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल का कहना है कि बागी महिला प्रत्याशियों के पतियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
निकाय चुनाव में पार्टी से टिकट मांग रहे कार्यकर्ताओं ने उम्मीदवारी नहीं मिलने पर बागी के रूप में मैदान संभाल लिया था। पार्टी द्वारा सभी को मनाने की कोशिश की गई, लेकिन कईयों ने मैदान छोडऩे से इंकार कर दिया। पार्टी की गाइड लाइन से बाहर हुए ये कार्यकर्ता अब पार्टी से भी निष्कासित हो गए है। गुरुवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए खंडवा के सात, पंधाना के 6 और मूंदी नगर परिषद के 5 कार्यकर्ताओं की पार्टी से छह साल के लिए प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी है। हालांकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बागी के रूप में चुनाव लडऩे वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई हैं।
ये हुए निष्कासित
खंडवा नगर निगम चुनाव में बागी के रूप में चुनाव लड़ रहे प्रकाश यादव, दिनेश माली, शैलेंद्र चौहान, प्रीति जितेंद्र राठौर, मोनिका नितिश बजाज, बबलू निमाड़, रवि आव्हाड़ को निष्कासित किया गया है। इसी तरह पंधाना नगर परिषद में किरण पति अखिलेश, मोनिका दिनेश मोर, आदिल खान वली मोहम्मद, कलाबाई चौहान, जयराम रामलाल कुशवाह, प्रकाश ताराचंद एकल और मूंदी नगर परिषद से अनिल प्रजापति, शरद गुप्ता, आशीष गोरख, सावन माणिक व धर्मेंद्र उर्फ धम्मू राठौर पर कार्रवाई की गाज गिरी है।

खंडवा. निष्कासित बागियों की सूची।
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
