scriptखास खबर: 25 वर्षों से निकल रही है छड़ी, इस बार दादाजी मंदिर की झलक | Goga Navamien festival | Patrika News

खास खबर: 25 वर्षों से निकल रही है छड़ी, इस बार दादाजी मंदिर की झलक

locationखंडवाPublished: Sep 01, 2018 01:58:19 pm

शहर में निकलेगा छडिय़ों का कारवां, तैयारियां हुई तेज
 

Goga Navamien festival

Goga Navamien festival

खंडवा. गोगादेव नवमीं पर्व के चलते शहर में वाल्मीकि समाज द्वारा छडिय़ां बनाने का सिलसिला जारी है। भगत छडिय़ों को अलग-अलग आकर्षक आकृतियों में तैयार कर रहे हैं। गांधीनगर में भगत मोहन सोनगत द्वारा इस वर्ष छड़ी को108 खंभों के दादाजी मंदिर के आकार में बनवाया जा रहा है।
कलाकार सोनू ठाकुर, पूनम परदेशी, शुभम वानखेड़े ने कार्य करते हुए पिछले दस दिनों में छड़ी को लगभग तैयार कर लिया है। कलाकार सोनू ठाकुर ने बताया छड़ी को दादाजी मंदिर के नए मॉडल की तर्ज पर हूबहू बनाया जाएगा। साथ ही सामने की तरफ दादाजी की तस्वीर को उकेरा जाएगा। गोगा नवमीं पर्व पर चल समारोह में रंगबिरंगी लाइटिंग के बीच 108 खंभों के दादाजी मंदिर की झलक का आकर्षक दृश्य शहरवासी निहार सकेंगे।

25 वर्षों से निकाल रहे छड़ी
सुखदेव सोनगत ने बताया गोगादेव नवमीं पर्व पर गांधीनगर से हर वर्ष छड़ी निकाली जाती है। भगत मोहन सुनगत द्वारा छड़ी निकालने का यह 25वां वर्ष है। नवमीं के पर्व पर शहर में छडिय़ों का चल समरोह गांधीनगर से रवाना होकर मोघट रोड, इमलीपुरा, बड़ाबम, स्टेशन रोड, घंटाघर, निगम चौराहा, शिवाजी चौक होते हुए गोगादेव मंदिर पहुंचेगा। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से छडिय़ां शामिल होंगी।

विधायक ने दिए पांच-पांच हजार
इधर, गोगा नवमीं पर्व पर शहर में वाल्मीकि समाज द्वारा निकाले जाने वाले चल समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए विधायक देवेंद्र वर्मा ने आयोजकों को पांच-पांच हजार रुपए की राशि भेंट की है। शुक्रवार को विधायक देवेंद्र वर्मा ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर राशि भेंट की। इस दौरान जिला महामंत्री दिनेश पालीवाल, नगराध्यक्ष धर्मेंद्र बजाज, महामंत्री जीवन डिंडोरे, अरविंद पांडे, राजपाल सिंह आदि मौजूद थे। इसके अलावा एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक रूचिवर्धन मिश्र ने छड़ी चल समारोह के भगतों की बैठक ली। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा जानी। साथ ही सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा की गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो