scriptहनुवंतिया में चौथा जल महोत्सव 20 से संभव | Hanuwantia Water Festival News | Patrika News

हनुवंतिया में चौथा जल महोत्सव 20 से संभव

locationखंडवाPublished: Nov 17, 2019 02:04:29 am

राजस्थान की कंपनी 20 एकड़ में लगा रही टेंट सिटी

Hanuwantia Water Festival News

Hanuwantia Water Festival News


बीड़ (खंडवा). इंदिरा सागर के बैक वाटर से लबालब हनुवंतिया पर्यटन केंद्र पर चौथा जल महोत्सव 20 दिसंबर से आरंभ हो सकता है। पिछले साल विधानसभा चुनाव के चलते चौथा जल महोत्सव नहीं हो पाया था। इससे पर्यटकों में निराशा रही थी। इस बार जल महोत्सव को लेकर जहां पर्यटकों में उत्सुकता है। वहीं, पर्यटन विभाग भी पर्यटकों को लुभाने के लिए विशेष तैयारी कर रहा है। महोत्सव के लिए राजस्थान की सनसेट डेजर्ट कैंप कंपनी की ओर से 20 एकड़ में टेंट सिटी लगाई जाएगी। इसके लिए शनिवार से कंपनी ने मैदान के समतलीकरण की शुरुआत भी कर दी गई।
इंदिरा सागर परियोजना के बैक वॉटर से तीन तरफ से टापू बने हनुवंतिया में वर्ष 2015 में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पहला जल महोत्सव तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा आरंभ कराया गया था। पहले जल महोत्सव का आयोजन 10 दिवसीय रहा था। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए दूसरा और तीसरा जल महोत्सव एक-एक माह का रहा था। पिछले साल 2018 में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से जल महोत्सव को स्थगित करना पड़ा था। इस बार कांग्रेस की कमलनाथ सरकार द्वारा पहली बार जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जल महोत्सव को लेकर पर्यटकों और दर्शकों की उत्सुकता भी बढऩे लगी है।
मिनी गोवा और मिनी सिंगापुर के नाम से प्रसिद्ध हनुवंतिया पर्यटन केंद्र पर पहले तीन जल महोत्सव के तहत हुए आयोजनों को गुजरात की ओम इवेंट कंपनी ने किया था। इस बार चौथे जल महोत्सव के लिए राजस्थान की सनसेट डेजर्ट कैंप को मौका दिया गया है। जल महोत्सव के लिए पर्यटन बोर्ड की ओर से 20 एकड़ में तीन करोड़ की लागत से बनाए गए मैदान पर टेंट सिटी बनाई जाएगी। इसके लिए सनसेट डेजर्ट कंपनी द्वारा मैदान का समतलीकरण और घास कटाई का काम शुरू दिया गया है।
ये रहेगा जल महोत्सव में खास
एक जलपरी जहाज, 6 स्पीड बोट, एक जेट, एक क्रूज पर वॉटर गतिविधियां की जाएगी।
केरल की तर्ज पर बनी हाउस बोट पर्यटकों के लिए विशेष रूप से चलाई जाएगी।
टेंट सिटी में मजबूत सीसी प्लेटफार्म पर बनाए जा रहे 104 छोटे टेंट पर्यटकों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
5 हजार स्क्वेयर फीट में डायनिंग हाल बनाया जाएगा।
नवीन बोट क्लब से भी वॉटर गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
स्पोट्र्स क्लब और स्वास्थ्य केंद्र भी बनाया जाएगा। दो टॉयलेट भी बनाए जाएंगे।
विशेष मौकों के लिए हैलीपेड का भी निर्माण किया जा रहा है।
दिनेश शर्मा, मैनेजर हनुवंतिया पर्यटन केंद्र का कहना है कि राजस्थान की कंपनी ने ग्राउंड को सुधारने का कार्य चालू कर दिया गया है। जल महोत्सव को लेकर वाटर गतिविधियों के संसाधन बढाए जाएंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो