बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र होंगे 25वें किशोर सम्मान से सम्मानित
खंडवाPublished: Oct 08, 2023 12:37:46 am
राष्ट्रीय किशोर अलंकरण सम्मान...
-मप्र संस्कृति विभाग ने की राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा


खंडवा. धर्मेंद्र को मिलेगा किशोर अलंकरण सम्मान।
खंडवा.
मप्र संस्कृति विभाग ने वर्ष 2022-23 के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान और राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान की घोषणा कर दी है। बॉलीवुड में ही-मैन के नाम से प्रसिद्ध धर्मेंद्र को 25वें किशोर कुमार सम्मान से नवाजा गया है। संगीत निर्देशक उत्तम सिंह को लता मंगेशकर सम्मान दिया गया है। किशोर कुमार सम्मान समारोह पर इस बार चुनावी आचार संहिता का साया भी मंडरा रहा है। चुनाव आचार संहिता लागू होने पर मप्र शासन द्वारा कोई समारोह नहीं किया जाएगा।
संभवत: यह सम्मान बाद में धर्मेंद्र को मुंबई स्थित उनके घर पर दिया जा सकता है। पूर्व में भी कई विभूतियों के खंडवा नहीं आने से उनके घर जाकर सम्मानित किया गया है। हालांकि चुनाव आचार संहिता लागू होने पर स्थानीय स्तर पर खंडवा में किशोर दा की पुण्यतिथि पर आयोजन किए जाएंगे। किशोर कुमार सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा 13 अक्टूबर को समाधि स्थल पर किशोर दा को सुरमयी श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं, रात को किशोर कुमार नाइट का आयोजन पुरानी अनाज मंडी या निगम तिराहा पर किया जा सकता है। इसमें मुंबई के कलाकारों को बुलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए पिछले दिनों मंच पदाधिकारियों ने संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर से भी चर्चा की थी।
धर्मेंद्र आज भी सक्रिय फिल्मों में
बॉलीवुड में ही-मैन कहलाने वाले धर्मेंद्र 87 साल की उम्र में भी फिल्मी दुनिया में सक्रिय है। हाल ही में धर्मेंद्र पिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में नजर आए थे। 63 साल के फिल्मी कॅरियर में 250 से ज्यादा फिल्में देने वाले धर्मेंद्र के नाम बॉलीवुड में सबसे ज्यादा 64 सुपरहिट फिल्में है। उन्होंने 1960 में फिल्म दिल भी तेरा, हम भी तेरे, से अपना कॅरियर शुरू किया था। उनकी सुपरहिट फिल्मों में शोला और शबनम, फूल और पत्थर, बंदिनी, दिल ने फिर याद किया, आंखे, लोफर, प्रो. प्यारेलाल, शोले, राम बलराम, मेरा गांव मेरा देश, आया सावन झूम के, पिछले वर्षों में आई यमला पगला दिवाना सीरीज की फिल्में शामिल है।
गायक अब भी किशोर सम्मान दूर
मप्र सरकार राष्ट्रीय किशोर अलंकरण सम्मान गायक किशोर दा के नाम पर ही देती है। अब तक 25 विभूतियां इस सम्मान से सम्मानित हो चुकी है, लेकिन गायकी के क्षेत्र में किसी को सम्मान नहीं मिला है। अब तक मिले सम्मान में फिल्म निर्देशक, निर्माता, गीतकार, पटकथा लेखक, अभिनेता, अभिनेत्री का नाम ही शामिल रहा है। गायन के क्षेत्र से पहले किशोर सम्मान का अब तक इंतजार है।